News Room Post

इमरान की पार्टी की नेता शाहीन रजा की कोरोना से मौत, अस्पताल का किया था दौरा

नई दिल्ली। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की नेता और पंजाब विधानसभा सदस्य शाहीन रजा की बुधवार को मृत्यु हो गई है। दो दिन पहले ही उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद उन्हें लाहौर के मायो अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया था। बता दें कि, रजा पाकिस्तान की पहली ऐसी विधायक हैं जिनकी कोरोनावायरस से मृत्यु हुई है।

पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहीन रज़ा ने कुछ दिनों पहले एक अस्पताल का दौरा किया था। वहां पर वो किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आईं। इस दौरे के बाद जब तबीयत बिगड़ी तो उन्हें शनिवार रात को डीएचक्यू अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया। अस्पताल में ही उनका कोरोना टेस्ट किया गया। जांच में वो कोरोना पॉजिटिव पाई गईं।

पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार के निर्देश पर पीटीआई नेता को मायो अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। प्रधानमंत्री इमरान खान और पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदर ने शाहीन की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।

बता दें कि, पाकिस्तान में कोरोनावायरस से अब तक 45,898 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, इस खतरनाक वायरस से पड़ोसी मुल्क में 985 लोगों की मौत हुई है।

Exit mobile version