News Room Post

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन में जंग रोकने के लिए जेलिंस्की से बातचीत कर सकते हैं पुतिन, रूस के हमले भी जारी

ukraine president and putin

कीव। यूक्रेन पर रूस के हमले जारी हैं। 24 फरवरी से जारी हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों के मारे जाने का दावा यूक्रेन की सरकार ने किया है। रूस की राजधानी मॉस्को से फिलहाल ये खबर आई है कि जंग रोकने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमिर जेलिंस्की की ओर से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से सीधी बातचीत का जो प्रस्ताव दिया गया था, उसपर रूस राजी हो सकता है। इस बीच, आज सुबह रूस ने मिसाइलों से सूमी के सूमीखिंप्रोम केमिकल प्लांट पर हमला किया। इससे वहां अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। सूमी के गवर्नर दिमित्रो जियवत्सकी ने लोगों से अपना बचाव करने के लिए कदम उठाने को कहा है। दिमित्रो के मुताबिक तड़के कई मिसाइलें प्लांट पर गिरीं। इससे वहां अमोनिया के टैंक ध्वस्त हो गए। ये प्लांट सूमी शहर से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पर है। अमोनिया गैस से तमाम लोगों के बीमार पड़ने की खबर यहां से मिल रही है।

वहीं, यूक्रेन पर रूस अब अपनी खतरनाक हाइपरसोनिक मिसाइल किंजल से हमले कर रहा है। उसने तीन दिन पहले पहली किंजल मिसाइल दागी थी। अब लगातार वो इस हथियार का इस्तेमाल कर रहा है। किंजल मिसाइल आवाज से 10 गुना तेज रफ्तार से उड़ान भरती है। मारियुपोल और यूक्रेन की राजधानी कीव पर भी कई किंजल मिसाइल गिरने की खबर है। किंजल मिसाइल में 500 किलोग्राम का बम लगाया जाता है। इसे मिग-31 विमानों से लॉन्च किया जाता है।

यूक्रेन के मारियुपोल शहर पर कब्जे की जंग भी तेज हो गई है। शहर को रूसी सेना ने चारों तरफ से घेर लिया है। रूस ने यहां यूक्रेन की सेना को आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन यूक्रेन की सरकार ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। यूक्रेन ने एक अलगाववादी कमांडर को भी मार गिराने का दावा किया है। इसकी पुष्टि हालांकि हो नहीं सकी है।

Exit mobile version