News Room Post

Russia Ukraine War : रूस ने किया यूक्रेन पर अब तक का सबसे जोरदार हमला, कीव से लेकर लवीव तक बरसा दी 75 मिसाइलें

मास्‍को। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ यूक्रेन है जो हार मानने को तैयार नहीं है और दूसरी तरफ रूस है जो हर तरह यूक्रेन को झुकाने का प्रयास कर रहा है। यूक्रेन स राष्ट्रपति जेलेंस्की लगातार अपनी सेना को रूस से लड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं तो दूसरी तरफ पुतिन हैं जो यूक्रेन को घुटनों पर लाने के लिए जी जान लगाए हुए हैं। इसी बीच रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत पूरे देश के कई इलाकों पर अब तक का सबसे भीषण मिसाइल हमला किया है। यूक्रेन के मुताबिक रूस ने 75 मिसाइलें दागी हैं। कीव के कई इलाकों में जोरदार विस्‍फोट की आवाजें सुनाई दी हैं। रूसी हमलों से कई जगहों को भारी नुकसान हुआ है।

रूस ने कई महीने के बाद कीव पर हमला बोला है। रूसी सेना ने कीव के अलावा पोलैंड सीमा पर स्थित लवीव, झयटोमयर, खमेलनयट्स्‍की समेत कई शहरों को एक साथ निशाना बनाया है। माना जा रहा है कि क्रीमिया के पुल को विस्‍फोट करके उड़ाए जाने के बाद रूस ने यह जवाबी हमला शुरू किया है। बताया जा रहा है कि रूस ने कीव पर मिसाइलों से हमला बोला है। वहीं कीव में हुए विस्फोटों की जानकारी कीव के मेयर ने दी है। इससे पहले रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया पुल पर हमले को आतंकी घटना करार दिया था।

गौरतलब है कि इन हमलों में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत और 24 अन्‍य के घायल होने की पुष्टि हुई है। कीव के मेयर ने बताया कि कीव शहर के मध्‍य में कई विस्‍फोट सुने गए हैं। यूक्रेन में हमले के सायरन बजना बीते 6 महीनों के दौरान आम हो चुका है लगातार वहां पर एक के बाद एक सायरन बजते रहते हैं हाल ही में हुए इस हमले और विस्‍फोटों के बाद एक घंटे तक कीव में हवाई हमले के सायरन सुनाई देते रहे।

रूस-यूक्रेन युद्ध में पुतिन की सेना के कीव पर हमले बंद करके पूर्वी इलाकों को काटने की कोशिश शुरू करने के बाद अब तक यूक्रेनी सैनिक हजारों किमी का इलाका रूस से मुक्‍त करा चुके हैं। इससे रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन काफी दबाव में आ गए हैं और उन्‍होंने नए सेना प्रमुख की नियुक्ति भी की है। दुनिया के कई देश यह निगाह बनाए हुए हैं कि कहीं इन दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध ना शुरू हो जाए। क्योंकि जिस तरह यूक्रेन ने रूस की सेना का जवाब दिया है उससे रूस को बुरी तरह से नुकसान हुआ है।

Exit mobile version