News Room Post

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जे के लिए रूस ने बोला तगड़ा हमला, यूक्रेन का दावा- हमने मार भगाया

kyiv 1

कीव। यूक्रेन पर हमलावर रूसी सेना ने अब राजधानी कीव को निशाना बनाया है। रूस की सेना तमाम शहरों पर कब्जा करते हुए बढ़ रही है, लेकिन तमाम कोशिश के बाद भी कीव पर अब तक कब्जा नहीं कर सकी है। कीव के मध्य हिस्से में दाखिल हुए रूसी सैनिकों और यूक्रेन के जवानों के बीच भीषण जंग की खबर है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस के सैनिकों को वहां से मार भगाया है। यूक्रेन ने रूस के एक ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट को भी नष्ट करने का दावा किया है। यूक्रेन का कहना है कि इस विमान के जरिए रूस 150 जवानों को पैराशूट से उतारने की कोशिश कर रहा था। यूक्रेन के इन दावों पर अब तक रूस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। खबर ये भी है कि यूक्रेन में इंटरनेट चलाने में भी दिक्कत हो रही है।

उधर, यूक्रेन की सरकार ने मार्शल लॉ लागू करते हुए 18 से 60 साल तक के सभी मर्दों के शहर और देश छोड़ने पर पाबंदी लगा दी है। कीव के नागरिकों को रक्षा के लिए हथियार दिए गए हैं। सेना में भर्ती की जा रही है और वॉलेंटियर तैनात किए गए हैं। ये वॉलेंटियर हथियारों के साथ कीव की सड़कों पर गश्त लगा रहे हैं। कीव में जगह-जगह यूक्रेनी जवान तैनात हैं। राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलिंस्की ने कल चेतावनी दी थी कि रूसी जासूस शहर में घुसे हैं। इसके बाद यूक्रेनी सेना ने अपनी वर्दी पहने हुए घुसपैठ की कोशिश कर रहे कई रूसी सैनिकों को मार गिराया था। इसका वीडियो भी सामने आया था।

यूक्रेन ने इससे पहले शुक्रवार रात को दावा किया था कि उसने रूस के 2800 सैनिकों को मार गिराया है। इसके अलावा 80 रूसी टैंक, 500 बख्तरबंद गाड़ियों, 10 लड़ाकू विमानों और 7 हेलीकॉप्टर नष्ट करने का दावा भी यूक्रेन ने किया था। यूक्रेन की सेना की मदद के लिए नाटो लगातार साजोसामान भेज रहा है। पोलैंड की सरकार ने ट्रकों से हथियार भेजे हैं। ऐसे में यूक्रेन की मौजूदा सरकार को युद्ध के जरिए हटाने और कब्जा करने की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की मंशा अभी परवान चढ़ नहीं सकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि रूस अब और बड़ा हमला कर सकता है। कुल मिलाकर यूक्रेन गंभीर संकट में है, लेकिन वो रूस के हमले का हिम्मत से सामना कर रहा है। खुद राष्ट्रपति जेलिंस्की कीव में डटे हैं और लोगों को हौसला बढ़ा रहे हैं।

Exit mobile version