News Room Post

Saudi Snub: पाकिस्तान को सऊदी अरब ने दिखाया ठेंगा, इमरान खान की गुहार अब तक मंजूर नहीं

रियाद/इस्लामाबाद। पाकिस्तान परेशान है। परेशान पीएम इमरान खान भी हैं। वजह है कर्ज। इमरान खान बीते दिनों खुद मान चुके हैं कि देश चलाने का पैसा सरकार के पास नहीं है। अपने पुराने दोस्त सऊदी अरब से इमरान ने एक महीने पहले कर्ज देने की गुहार लगाई थी। इमरान बाकायदा सऊदी अरब गए भी थे। तबसे अब तक सऊदी अरब ने कर्ज नहीं दिया है। इससे आने वाले वक्त में पाकिस्तान को बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। सऊदी अरब ने कहा था कि वो पाकिस्तान को 3 अरब डॉलर का कैश और 1.2 अरब डॉलर का संशोधित तेल उधार पर देगा। ये दोनों चीजें अब तक पाकिस्तान को नहीं मिली हैं। प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान पर इमरान सरकार की नजर टिकी है। पाकिस्तान से सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने उम्मीद जताई है कि सऊदी अरब इस हफ्ते कर्ज दे सकता है। पाकिस्तान को इस कर्ज पर 3.2 फीसदी की दर से ब्याज भी चुकाना होगा। दो साल पहले सऊदी अरब ने पाकिस्तान को 3 अरब डॉलर का कर्ज दिया था। जब पिछले साल पाकिस्तान ने तुर्की और मलेशिया के साथ मिलकर अलग गठजोड़ बनाने की कोशिश की, तो सऊदी अरब ने ये कर्ज वापस मांग लिया था। इस पर पाकिस्तान को चीन से कर्ज लेकर सऊदी अरब को चुकाना पड़ा था।

 

पाकिस्तान पर फिलहाल 5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा कर्ज है। उसके हर नागरिक पर कर्ज 2 लाख से ज्यादा का हो गया है। कर्ज इतना है, जितनी पाकिस्तान की जीडीपी नहीं है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए हालात बहुत संगीन हैं। पिछले दिनों आईएमएफ ने भी पाकिस्तान को कर्ज देने से साफ इनकार कर दिया था। वर्ल्ड बैंक भी पाकिस्तान को कर्ज देने से इनकार कर चुका है।

पाकिस्तान के बारे में ये भी खबर है कि उसके पुराने दोस्त चीन से भी उधार मिलना बंद हो गया है। आतंक को शह देने की वजह से एफएटीएफ ने पाकिस्तान को लंबे समय से ग्रे लिस्ट में भी डाल रखा है। कुल मिलाकर इमरान खान को समझ नहीं आ रहा है कि वो देश को चलाएं, तो आखिर कैसे।

Exit mobile version