पेरिस। भारत से फ्रांस अपनी दोस्ती को कितना महत्व देता है और पीएम नरेंद्र मोदी से फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां की करीबी कैसी है, इसका नजारा शुक्रवार को पेरिस में दिखा। फ्रांस के राष्ट्रपति की तरफ से पेरिस के मशहूर लूव्रे म्यूजियम में पीएम मोदी के लिए राजकीय भोज रखा गया था। फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बास्तील डे के मौके पर पेरिस पहुंचे मोदी के लिए मैक्रां ने भोज दिया था। इससे पहले 1953 में फ्रांस ने ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के लिए लूव्रे म्यूजियम में भोज दिया था। फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर लूव्रे म्यूजियम में हजारों की संख्या में लोग आते हैं। इसी म्यूजियम में प्रसिद्ध मोनालिसा पेंटिंग का दीदार लोग करते हैं। फिर भी मोदी के भोज के लिए इस जगह को चुना गया और लूव्रे म्यूजियम को आम लोगों के लिए बंद रखा गया।
#WATCH | Paris: Banquet dinner being hosted by French President Emmanuel Macron for PM Narendra Modi.
(Inside visuals from Louvre Museum in Paris) pic.twitter.com/3gnvD8hFBY
— ANI (@ANI) July 14, 2023
खास बात ये भी रही कि पीएम मोदी के भोज के लिए जो मेन्यू तैयार किया गया था, उसमें भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों को प्रधानता दी गई थी। मेन्यू के थ्रेड को तिरंगा रखा गया था। जबकि, फ्रांस में होने वाले सभी राजकीय भोज के मेन्यू के थ्रेड वहां के राष्ट्रीय ध्वज के रंग में रखे जाते हैं। पीएम मोदी शाकाहारी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मैक्रां ने भोज में पूरी तरह शाकाहारी व्यंजन रखवाए थे। भोज से पहले मैक्रां ने पीएम मोदी और भारत के साथ अपने देश के रिश्तों को अहम बताया और इनकी तारीफ की।
भारत और फ्रांस के रणनीतिक रिश्तों को 25 साल हो गए हैं। फ्रांस ने हमेशा मुश्किल घड़ी में भारत का साथ दिया है। यहां तक कि जब 1998 में भारत ने परमाणु परीक्षण किए थे और अमेरिका समेत यूरोप के तमाम देशों ने भारत पर प्रतिबंध लगाए थे, उस वक्त भी फ्रांस ने भारत के साथ रक्षा सौदे जारी रखे थे। पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां के बीच जो केमिस्ट्री है, वैसी शायद ही भारत के किसी पीएम के फ्रांस के राष्ट्रपतियों से देखे गए हों।