News Room Post

Afghanistan: अमेरिका को सिराजुद्दीन हक्कानी ने दिखाया ठेंगा, सरकारी कार्यक्रम में 1 करोड़ का इनामी आतंकी हुआ शामिल

sirajuddin haqqani

काबुल। कुख्यात आतंकी और अफगानिस्तान में तालिबान सरकार का गृहमंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी खुलेआम घूम रहा है। वो भी तब, जबकि अमेरिका ने उस पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम रखा हुआ है। अब तक सिराजुद्दीन सबके सामने नहीं आता था, लेकिन शनिवार को वो न सिर्फ सामने आया, बल्कि पुलिस प्रशिक्षुओं की ट्रेनिंग पूरी होने के मौके पर हुए प्रोग्राम में शिरकत भी की। उसने महिलाओं के बारे में बड़ा बयान भी दिया। हक्कानी काफी खूंखार आतंकी माना जाता है और उसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की शह हासिल है। अमेरिका की बुश सरकार ने 9/11 हमले के बाद सिराजुद्दीन पर इनाम का एलान किया था। अब खुलेआम घूमकर हक्कानी ने अमेरिका को खुली चुनौती दी है।

पुलिस प्रशिक्षुओं को बाकायदा सिराजुद्दीन हक्कानी ने संबोधित भी किया। उसने कहा कि गलत व्यवहार और लोगों से खराब बर्ताव करने वाले पुलिसवालों को सजा दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तालिबान सरकार में लड़कियों और महिलाओं पर लगाये गये प्रतिबंधों को लेकर भी हक्कानी ने बयान दिया। उसने कहा कि तालिबान के शासन में अफगानिस्तान की महिलाएं काम पर और लड़कियां स्कूल जा सकेंगी। मजे की बात ये है कि कार्यक्रम के मौजूद पाकिस्तान के राजदूत ने उसको अभिवादन भी किया,  लेकिन हक्कानी ने उन्हें देखा तक नहीं।

माना जा रहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण चल रहे हैं और हक्कानी ने इसी वजह से पाकिस्तानी राजदूत के अभिवादन का जवाब नहीं दिया।  हक्कानी ने यहां मौजूद मीडिया से भी बात की। बता दें कि अमेरिका के हटने  के बाद तालिबान ने अफगानिस्तान पर दोबारा कब्जा किया है। पहले माना जा रहा था कि तालिबान के आने के बाद फिर अफगानिस्तान में गृहयुद्ध होगा और खून बहेगा, लेकिन अब तक ऐसी घटनाएं कम ही हुई हैं।

Exit mobile version