News Room Post

Ukraine Defames Goddess Kali: यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने मां काली का किया अपमान!, पेंटिंग को वर्क ऑफ आर्ट बताया तो भड़के यूजर्स

godess kali by ukraine

कीव। कई बार देवी-देवताओं के अपमान की घटनाएं विदेश में हो चुकी हैं। कभी देवी-देवताओं का चित्र अंडरवियर पर छापा गया। कभी उनकी तस्वीर चप्पल पर बनाई गई। अब तक निजी कंपनियां इस तरह देवी-देवताओं का अपने प्रोडक्ट में अपमान करती रही हैं, लेकिन अब यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने मां काली के चित्र के जरिए अपमान किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने मां काली की एक पेंटिंग को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इसमें मां काली की स्कर्ट के तौर पर बम धमाके से उठे गुबार को दिखाया गया है। मां काली की इस अपमानजनक पेंटिंग को हॉलीवुड की मशहूर एक्टर रहीं मर्लिन मनरो की आइकॉनिक स्कर्ट वाली फोटो के अंदाज में बनाया गया है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की तरफ से मां काली के अपमान के ट्वीट पर सोशल मीडिया में बड़ी नाराजगी जताई जा रही है। यूजर्स ने इसे वर्क ऑफ आर्ट की जगह बेवकूफी भरा करार दिया है। यूजर्स ने मां काली की इस पेंटिंग को तुरंत ट्विटर से हटाने की मांग भी यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय से की है। सुधांशु सिंह ने लिखा है कि यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की तरफ से मां काली के इस अपमान से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने कहा है कि हर धर्म का सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए।

द एक्सपर्ट ओपिनियन नाम के यूजर ने लिखा है कि उनकी इच्छा है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन की राजधानी कीव को वर्क ऑफ आर्ट बना दें। आदित्य कौशिक ने लिखा है कि इसी वजह से भारतीय हमेशा रूस का समर्थन करते हैं। मानसी नाम की यूजर के साथ कुछ अन्य यूजर्स ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय विदेश मंत्रालय से कदम उठाने की मांग की है। देसी मोगली नाम के यूजर ने तो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की को जोकर तक कह दिया है। ये सारे रिएक्शन आप ऊपर दिए ट्वीट में पढ़ सकते हैं।

Exit mobile version