News Room Post

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन में चेर्नोबिल से बड़ी परमाणु त्रासदी की आशंका, संयंत्र पर रूसी हमले से भड़की भीषण आग

ukraine nuclear plant fire

एनरगोदर। यूक्रेन के एक परमाणु प्लांट में रूस के हमले से आग लग गई। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका है। अगर आग भड़की और परमाणु रिएक्टर में धमाका हुआ, तो ये चेर्नोबिल हादसे से 10 गुना बड़ी तबाही लेकर आएगा। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने ये जानकारी दी। कुलेबा के मुताबिक रूसी हमले से जापोरिज्जिया प्लांट में आग भड़क गई है। बावजूद इसके रूस की सेना यहां लगातार गोलाबारी कर रही है। यहां के पास के शहर एनरगोदर के मेयर दिमित्री ओरलोव ने बताया कि प्लांट के पास यूक्रेनी और रूसी सैनिकों में जबरदस्त जंग हुई। तमाम लोग यहां हताहत हुए हैं। उधर, कीव, खारकीव, ओडेसा, बिला सेरकवा और वोलिन ओब्लास्ट में भी रूसी सेना हमले कर रही है।

नाइपर नदी के तट पर बसे शहर एनेरहोदार में भी जंग तेज हुई है। इस शहर से पूरे यूक्रेन की ऊर्जा का करीब एक चौथाई उत्पादन होता है। रूसी सेना ने एक प्रमुख बंदरगाह पर भी कब्जा कर लिया है। इससे यूक्रेन की नौसेना को पूरी तरह अपने घेरे में लेने की उसकी कोशिश है। राजधानी कीव में कल दिन भर शांति के बाद शाम होते ही एयर रेड सायरन बजने लगे। राजधानी में कई जगह धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं। रूस की सेना का एक काफिला कीव के बाहर ही रुका हुआ है। यूक्रेन का कहना है कि इस काफिले पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया गया है। कीव में सेना अब जगह जगह कंक्रीट के ऊंचे बैरियर बना रही है। ताकि रूसी टैंक अगर दाखिल हों, तो वे आगे न बढ़ सकें।

सबसे भयंकर जंग खारकीव को लेकर हो रही है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक रूस इस पर इसलिए हर हाल में कब्जा करना चाहता है, क्योंकि यहां कब्जा करने से उसे कीव पर हमले करने में आसानी होगी। रूस के हमलों की वजह से खारकीव में बड़े इलाके में तबाही मची है। तमाम बिल्डिंगें टूट गई हैं और दो दर्जन से ज्यादा आम लोग यहां अब तक मारे जा चुके हैं। यूक्रेन ने रूस पर आरोप लगाया है कि वो जानबूझकर आम नागरिकों को मार रहा है। वहीं, रूस का कहना है कि यूक्रेन खुद नागरिक इलाकों पर हमले कर रहा है और इसके जरिए रूस को बदनाम करने की उसने साजिश रची है।

Exit mobile version