News Room Post

Europe: यूक्रेन पर हमले की तैयारी कर रहा रूस बना रहा खून का भंडार, अमेरिका ने अब दी ये चेतावनी

biden putin

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा जानकारी ये है कि रूस ने अब अपने सैनिकों के लिए यूक्रेन सीमा पर खून की बोतलों का भंडार बनाना शुरू कर दिया है। वहीं, अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के संगठन नाटो ने यूक्रेन को रूस के खिलाफ जंग के लिए पूरी तरह तैयार करने का काम और तेज कर दिया है। खबरों के मुताबि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन असंतुष्ट हैं कि अमेरिका ने यूक्रेन को नाटो संगठन में शामिल न करने के बारे में कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। कुल मिलाकर रूस और अमेरिका फिलहाल इस मामले में अपने कदम पीछे खींचते नहीं दिख रहे हैं। हालात भयावह हैं और रूस ने अगर यूक्रेन पर हमला किया, तो यूरोप में हालात खतरनाक हो सकते हैं।

इस बीच, पोलैंड के पीएम मैतिएज मोराविस्की के मुताबिक यूरोपीय यूनियन के देशों के बीच रूस पर प्रतिबंध लगाने के बारे में मतभेद हैं। जर्मनी और फ्रांस चाहते हैं कि पूरे मसले का युद्ध नहीं, बल्कि बातचीत से हल निकले। वहीं, अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के मुताबिक उनका देश रूस के हमलों के तरीकों का आकलन कर रहा है। अमेरिकी सेनाओं के प्रमुख जनरल मार्क मिली ने कहा है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, तो बहुत लोगों की जान जाएगी।  उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी हमले के नतीजे बहुत भयावह होंगे। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी यही चेतावनी रूस को दे चुके हैं।

उधर, नाटो के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि यूक्रेन को घेरने के लिए रूस अब बेलारूस के भीतर सैन्य अभ्यास के नाम पर सैनिक और हथियार बढ़ा रहा है, उस पर संगठन की नजर है। नाटो के देश भी उसी के अनुसार तैयारी कर रहे हैं। पूर्वी यूरोप में सैन्य तैनाती बढ़ाई जा रही है। स्टोल्टेनबर्ग के मुताबिक रूस यूक्रेन पर कई तरफ से कई तरह के हमले करने की कोशिश में है। इनमें यूक्रेन पर साइबर अटैक और वहां सैन्य विद्रोह जैसी स्थिति भी हो सकती है। नाटो महासचिव ने कहा कि हम राजनीतिक चर्चा जारी रखते हुए सैन्य तैयारी बढ़ा रहे हैं।

Exit mobile version