News Room Post

Joe Biden: स्कूल शूटिंग में 7 लोगों की मौत पर दुख जताने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन करने लगे मजाक, हो रही जमकर आलोचना

joe biden

वॉशिंगटन। अमेरिका के नैशविले में स्कूल में हुई शूटिंग की घटना में 7 लोगों की जान चली गई। इस मामले में बयान देने राष्ट्रपति जो बाइडेन मीडिया के सामने आए, लेकिन वहां ऐसी हरकत कर दी कि वो अब जमकर आलोचना का शिकार हो रहे हैं। दरअसल, जो बाइडेन को लोगों की मौत पर दुख जताना था। ऐसा न करके वो पहले मीडिया के सामने मजाक करने लगे। बाद में उन्होंने दुख जताया। सोशल मीडिया पर बाइडेन का ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है। बाइडेन इससे पहले भी तमाम कारणों से लोगों के बीच चर्चा का विषय बनते रहे हैं।

नैशविले के स्कूल में शूटिंग की घटना पर बोलने से पहले बाइडेन अचानक कहने लगे कि उनका नाम जो बाइडेन है। वो डॉ. जिल बाइडेन के पति हैं। उन्होंने कहा कि मैं जेनी की चॉकलेट चिप्स वाली आइसक्रीम खाता हूं। मुझे लगा कि यहां आइसक्रीम मिलेगी। इसी वजह से मैं यहां आया। मेरे पास रेफ्रिजरेटर भरकर आइसक्रीम है। मैं मजाक नहीं कर रहा हूं। बाइडेन को ऐसा बोलते देखकर मौजूद मीडियाकर्मी भी ठहाका लगाने लगे। वहीं, इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और यूजर्स ने जमकर बाइडेन की हरकत की निंदा की। बाइडेन की तरफ से ऐसी हरकत पहली बार देखी गई है।

बता दें कि टेनेसी के नैशविले में एक स्कूल में पूर्व छात्रा बीते कल बंदूक लेकर घुस आई थी। उसने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। जिसमें छात्रों समेत 7 लोगों की जान गई। कई अन्य इस घटना में घायल होकर हॉस्पिटल में हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर महिला को पास के चर्च में मार गिराया। बाइडेन की तरफ से अमेरिका की राष्ट्रपति की कुर्सी संभालने के बाद कई बार कहा गया था कि वो गन कल्चर पर रोक लगाएंगे, लेकिन अमेरिका में अब भी शूटिंग की तमाम घटनाएं हो रही हैं और लोगों को जान गंवानी पड़ रही है।

Exit mobile version