News Room Post

Ukraine Crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पुतिन को बताया तानाशाह, state of the union address में बोले- रूस को…

biden putin

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ भाषण में रूस पर जमकर निशाना साधा। बाइडेन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन तानाशाह हैं और उन्होंने गलत फैसला लिया और सोचा कि यूक्रेन को वो रौंद देंगे, लेकिन यूक्रेन के लोगों के साहस के सामने रूस टिक नहीं पा रहा है। बाइडेन ने ये भी कहा कि अमेरिका हर हाल में यूक्रेन के लोगों के साथ खड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने दुनिया की नींव हिलाने की कोशिश की। पुतिन को जंग में फायदा हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक उनको इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि हम मिलकर रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस की उड़ानों के लिए हमने अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया है। अमेरिका और उसके सहयोगी हर हाल में नाटो देशों के हर एक इंच की रक्षा करेंगे।

बाइडेन ने अपने भाषण में ये भी कहा कि अमेरिका की तरफ से यूक्रेन को एक अरब डॉलर की मदद दी जा रही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी सेना, यूक्रेन और रूस की जंग में शामिल नहीं होगी। पुतिन को तानाशाह का दर्जा देते हुए बाइडेन ने कहा कि हम यूक्रेन के लोगों पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रतिबंधों से रूस कमजोर होगा। बाइडेन ने अमेरिका के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और पिछले साल अमेरिका में 65 लाख लोगों को रोजगार मिला है। जो पहले के मुकाबले काफी ज्यादा है।

इससे पहले बाइडेन ने कहा था कि दुनिया को रूस की तरफ से परमाणु हमले की धमकी से डरना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा था कि हर हाल में रक्षात्मक उपाय अपनाए जा रहे हैं। जबकि, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कल अमेरिका से कहा था कि वो यूरोप से अपने परमाणु हथियार हर हाल में हटा ले। इससे पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा था कि हमें जंग इसलिए छेड़नी पड़ी, क्योंकि अमेरिका ने वादाखिलाफी करते हुए नाटो का विस्तार कर हमारे दरवाजे तक ला दिया। पुतिन ने ये भी कहा था कि अगर हम मेक्सिको, कनाडा या अमेरिका के आसपास के देशों में परमाणु मिसाइलें तैनात कर दें, तो क्या अमेरिका इसे मान लेगा ?

Exit mobile version