नई दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही मर सकते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन की मौत के बाद रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध समाप्त हो जाएगा। जेलेंस्की के इस दावे के बाद पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। पुतिन की उम्र 72 वर्ष के पार हो चुकी है और वो लगभग 25 सालों से रूस की सत्ता पर काबिज हैं। कई बार ऐसी रिपोर्ट आई हैं जिसमें पुतिन के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त होने की बात कही गई हालांकि इसकी कभी पुष्टि नहीं हुई।
फ्रांस यात्रा के दौरान पेरिस में पत्रकारों से बात करते हुए जेलेंस्की ने पुतिन पर आरोप लगाया कि वो युद्ध रोकना नहीं चाहते। जेलेंस्की के अनुसार शांति प्रयासों के बावजूद पुतिन रूस-यूक्रेन संघर्ष को लंबा खींचना चाहते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि हम तो युद्ध को रोकना चाहते हैं मगर पुतिन की सोच इसके विपरीत है। एक तरफ तो हम शांति समझौते की बात कर रहे हैं दूसरी तरफ रूस के द्वारा हमारे देश के निर्दोष नागरिकों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युद्धविराम को लेकर दोनों देशों को एक दूसरे की बात माननी होगी अकेले रूस शर्तें तय नहीं कर सकता है।
जेलेंस्की का बयान ऐसे समय पर आया है जब रूस और यूक्रेन ने एक दूसरे के ऊर्जा ठिकानों पर 30 दिन के लिए हमले ना करने पर सहमति जताई है। आपको बता दें कि इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह कहा गया था कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन उम्र संबंधी बीमारियों से ग्रस्त हैं। एक बार उन्हें हार्ट अटैक होने की खबरें भी मीडिया में आई थीं। कुछ रिपोर्ट में पुतिन पार्किंसन और कैंसर जैसे गंभीर रोग होने की बात का भी दावा किया गया था, हालांकि ये सभी रिपोर्ट अपुष्ट हैं।