News Room Post

Ukraine: यूक्रेन की मदद करने पहुंचा वर्ल्ड का बेस्ट स्नाइपर, एक दिन में 40 दुश्मनों को कर सकता है ढेर

नई दिल्ली। बीते 15 दिनों से चल रही रूस और यूक्रेन की जंग के थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने पर कोई सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। इसी बीच दुनिया के बेस्ट स्नाइपर्स (most famous sniper) में शामिल वली (Wali) यूक्रेन पहुंच गए हैं। कहा जाता है कि वली अपनी गन से रोजाना औसतन 40 दुश्मनों को निशाना बना सकते हैं। फ्रेंच-कैनेडियन और कम्प्यूटर साइंटिस्ट वली अफगानिस्तान में युद्ध में चलने वाले स्पेशल ऑपरेशन में 2 बार शामिल हो चुके हैं। 2009 से 2011 के बीच उन्होंने अपनी बंदूक से कई दुश्मनों को निशाना बनाया था। इसके बाद ही उन्हें ‘वली’ नाम की उपाधी दी गई। एक न्यूज चैनल को दिए एक इंटरव्यू में वली ने कहा कि “उन्हें यूक्रेन आकर काफी अच्छा लग रहा है। उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे यूक्रेन के लोगों के साथ उनका कोई पुराना नाता है। वो यूक्रेन के लोगों की मदद करना चाहते हैं।” उन्होंने रूस पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि “रूसी सेना यूक्रेन के निर्दोष लोगों पर सिर्फ इसलिए बमबारी कर रही है कि वे रूसी नहीं यूरोपीय बनना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि “अभी तक वो कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग में बिजी थे, लेकिन अब जंग के मैदान में अपनी बंदूक लेकर उतर गए हैं। हालांकि उनकी पत्नी नहीं चाहती थीं कि मैं यूक्रेन की जंग का हिस्सा बनूं। लेकिन मैंने एक मजबूत निर्णय लिया और यहां चला आया।”

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दुनिया में कई मशहूर स्नाइपर हैं। लेकिन कोई भी पब्लिक में आने में परहेज करता है। लेकिन वली इन सबसे अलग हैं, वो न केवल टीवी कार्यक्रमों का हिस्सा बनते रहे हैं, बल्कि कनाडा के लोग उन्हें भलीभांति पहचानते हैं। बता दें, वली कनाडा की जॉइंट टास्क फोर्स (JTF-2) यूनिट में एक सैनिक हैं। सबसे लंबी दूरी के टारगेट को निशाना बनाने का रिकॉर्ड इसी यूनिट के स्नाइपर्स के नाम है, जो कि 3,540 मीटर है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्डोमिर जेलेंस्की ने जब विदेशी सैनिकों को रूस के खिलाफ जंग लड़ने का न्यौता दिया तो वली ने बेझिझक यूक्रेन की मदद करने का फैसला ले लिया।

कितनी कैटेगरी में बंटे हैं स्नाइपर्स?

स्नाइपर्स को कैटेगरीज़ में बांटा जाता है। रोजाना 5 से 6 दुश्मनों पर सटीक निशाना लगाने वाले स्नाइपर्स को एक अच्छा स्नाइपर माना जाता है। वहीं 7 से 10 दुश्मनों को निशाना बनाने वाला स्नाइपर सबसे बेहतर माना जाता है। जबकि वली एक दिन में 40 लोगों को निशाना बनाने की काबिलियत रखते हैं।

Exit mobile version