News Room Post

21 दिन में 6 बार आए एक्टिव केस को लेकर ऐसे आंकड़े, जिसने जगाई उम्मीद कोरोना से लड़ने में हम कर रहे हैं बेहतर

corona india

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों में अब कमी देखी जा रही है। इसे देखते हुए सरकार का भी कहना है कि देश में कोरोना का पीक समय अब जा चुका है। बता दें देश में कोरोना के एक्टिव केस घटकर 5 लाख 40 हजार हो गए हैं। वहीं सोमवार को 37 हजार 592 संक्रमित मिले, 58 हजार 524 मरीज ठीक हो गए और 497 की मौत हो गई। इससे एक ही दिन में 21 हजार 443 एक्टिव केस कम हुए। ये नए केस का 58% हैं। प्रतिशत के हिसाब से अगर देखें तो 12 अक्टूबर के बाद गिरावट के मामले में यह दूसरी बड़ी गिरावट है। इससे पहले 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे, जबकि 28 हजार 241 एक्टिव केस कम हुए थे। यह आंकड़ा नए केस का 78% था और 12 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा था। बता दें कि कोरोना के मामले 21 जुलाई के बाद दूसरा बार इस तरह से सामने आए हैं जब 40 हजार से कम केस आए। 21 जुलाई को 39 हजार 170 केस आए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे।

12 अक्टूबर के बाद छह बार 20 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में अब तक 82.66 लाख केस आ चुके हैं, 76 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.23 लाख संक्रमित इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं।

कोरोना से प्रभावित राज्यों की बात करें तो मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना के 635 नए मरीज मिले। वहीं 868 लोग रिकवर हुए और सात मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 72 हजार 717 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 8298 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 61 हजार 454 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2965 मरीजों की मौत हो चुकी है।

वहीं बिहार में सोमवार को 577 नए मरीज मिले, 974 ठीक हुए और चार की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 18 हजार 118 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7036 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 9 हजार 980 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1101 मरीजों की मौत हो चुकी है।

वहीं उत्तर प्रदेश में सोमवार को 1788 कोरोना पॉजिटिव मिले, 2040 मरीज ठीक हो गए, जबकि 35 मरीजों की मौत हो गई। अब 23 हजार 35 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.5% है। प्रदेश में कुल 7073 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य आलोक कुमार ने बताया कि लगातार सातवें हफ्ते एक्टिव मरीजों की संख्या में कमी दिखी है। कुल एक्टिव मरीजों में से 10 हजार 177 होम आइसोलेशन में हैं।

इसके अलावा सोमवार को महाराष्ट्र में 4009 नए संक्रमित मिले। 10 हजार 225 संक्रमित ठीक हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 87 हजार 784 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 18 हजार 777 मरीजों का इलाज चल रहा है, 15 लाख 24 हजार 304 ठीक हो चुके हैं। अब तक 44 हजार 128 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Exit mobile version