News Room Post

घट रहा कोरोना का कहर! देश में 77 दिन बाद घटा मौत का आंकड़ा, 63 दिनों में सबसे कम हुए केस

Coronavirus Updates : भारत में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई। दरअसल अब देश लगातार कोरोना का कहर कम होता जा रहा है, साथ ही कोरोना से दम तोड़ने वाले लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

Coronavirus

नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई। दरअसल अब देश लगातार कोरोना का कहर कम होता जा रहा है, साथ ही कोरोना से दम तोड़ने वाले लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे की बात करे तो देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के 55,342 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में कुल मामलों की संख्या 71,75,880 हो  गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को ये जानकारी दी। अगस्त के बाद ये अब तक के सबसे कम आंकड़े हैं। इससे पहले 31 जुलाई को भारत में 55,000 मामले दर्ज हुए थे, चार अगस्त को 52,050 और 18 अगस्त को (55,079) मामले दर्ज हुए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, भारत में अब कोरोनावायरस के मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। 9 अक्टूबर को देश में सक्रिय मामलों की संख्या 9 लाख के नीचे चली गई थी। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या फिलहाल 8,38,729 है, 62,27,295 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 706 मौतों के बाद अब मरने वालों की कुल संख्या 1,09,856 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक, देश में रिकवरी रेट 86.78 फीसदी है और मृत्यु दर 1.53 प्रतिशत है।

महाराष्ट्र हालांकि अभी भी कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है। यहां अब तक 15,35,315 मामले रिकॉर्ड किए गए हैं, जबकि मरने वालों की कुल संख्या 40,514 है। इसके बाद नंबर आता है आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली का।

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पिछले 5 हफ्तों में औसत दिन के मामलों में गिरावट का रुझान देखने को मिल रहा है। एक महीने के बाद 9 अक्टूबर को एक्टिव मामले 9 लाख से नीचे हो गए। ये तेज़ी से गिरावट की ओर हैं।

कोरोना वैक्सीन पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दी खुशखबरी

कोरोना वैक्सीन पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बड़ी खुशखबरी दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार को कहा कि उम्मीद है कि जैसे ही नया साल शुरू होगा, देश में कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी, वह भी एक से ज्यादा सोर्स के जरिए। इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ये भी बताया कि अगर देश में कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध होती है तो देश में 20-25 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की क्षमता होगी।

जानिए पांच राज्यों का हाल-

1- महाराष्ट्र

बात करे महाराष्ट्र की तो पिछले 24 घंटे में 7089 मामले सामने आए, 15656 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए गए और 169 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 15 लाख 35 हजार 315 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 12 हजार 439 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 12 लाख 81 हजार 896 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 40 हजार 514 मरीज जान गंवा चुके हैं।

2- उत्तर प्रदेश

पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोनावायरस के 2182 मामले सामने आए और 3342 लोग ठीक हो गए। अब सूबे में 38815 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 3 लाख 93 हजार 908 लोग ठीक हो चुके हैं। कुल रिकवरी रेट 89.37% हो गया है।

3-राजस्थान

बीते 24 घंटे में राज्य में 2132 लोग संक्रमित मिले। 1858 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। 15 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 61 हजार 184 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 21 हजार 671 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 37 हजार 848 लोग रिकवर हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1665 मरीजों की मौत हो चुकी है।

4-मध्यप्रदेश

बीते 24 घंटे में राज्य में संक्रमण के 1478 मामले सामने आए। 1702 लोग डिस्चार्ज किए गए और 21 मरीजों की मौत हो गई। अब तक1 लाख 48 हजार 298 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 14 हजार 932 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 1 लाख 30 हजार 721 लोग अब तक रिकवर हो चुके हैं, जबकि 2645 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5-बिहार

वहीं बिहार की बात करे तो पिछले 24 घंटे में 732 लोग संक्रमित पाए गए। 1369 लोग ठीक हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 97 हजार लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। इनमें 10 हजार 451 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 85 हजार 593 लोग ठीक हो चुके हैं। 955 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।

Exit mobile version