News Room Post

Archana Gautam: फिल्मों में ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए तैयार हैं कांग्रेस की बिकिनी गर्ल अर्चना गौतम, शेयर की सेट से तस्वीरें

नई दिल्ली। ग्लैमर की दुनिया से राजनीति में एंट्री ले चुकीं अर्चना गौतम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम अपने किसी बयान या चुनाव प्रचार को लेकर नहीं बल्कि अपनी नई फिल्म को लेकर चर्चा में आई हैं। दरअसल खबरें हैं कि बिकिनी गर्ल के नाम से मशहूर अर्चना जल्द ही  IPL It’s Pure Love नाम की एक फिल्म में नजर आने वाली हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस की दी हैं। उन्होंने फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म आईपीएल से जुड़ी कुछ फोटोज शेयर की हैं। उन्होंने जानकारी दी है कि उनकी फिल्म मार्च में रिलीज होगी। बता दें कि IPL It’s Pure Love  एक तेलुगू फिल्म है। हालांकि एक्ट्रेस ने अभी तक फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है। तेलुगू फिल्म में अर्चना विश्व कार्तिकेय और Nitin Nash के साथ नजर आएंगी। शेयर की गई फोटोज को देखकर लगता है कि फिल्म के किसी गाने की शूटिंग हो रही है। एक्ट्रेस पिंक कलर की ड्रेस में नजर आ रही हैं। अर्चना का हिंदी के अलावा साउथ फिल्म इंडस्ट्री से भी कनेक्शन है। बता दें कि नवंबर 2021 में एक्ट्रेस को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करवाया था जिसके ठीक दो महीने बाद ही कांग्रेस ने उन्हें मेरठ जिले के हस्तिनापुर विधान सभा सीट से प्रत्याशी बना दिया गया।


बॉलीवुड से भी है एक्ट्रेस का कनेक्शन

एक सितंबर 1995 में जन्मी अर्चना गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नगला हरेरू की रहने वाली हैं। एक्ट्रेस ने अपनी 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई मेरठ के शांता स्मारक से की है। जिसके बाद उन्होंने आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। जिसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट में जॉब की लेकिन बाद में एक्टिंग का रुख करते हुए मुंबई रवाना हो गई। मॉडलिंग में करियर शुरू करने के बाद एक्ट्रेस ने साल 2014 में मिस यूपी का खिताब भी अपने नाम किया था। इसके अलावा एक्ट्रेस ने 2018 में मिस बिकनी का खिताब हासिल किया था। जिसके बाद वो बॉलीवुड में बिकिनी गर्ल के नाम से मशहूर हो गई।अर्चना ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत फिल्म ग्रेट ग्रैंड मस्ती से की थी।

Exit mobile version