News Room Post

लॉकडाउन के बीच दूरदर्शन पर फिर से होगा रामायण का प्रसारण, ये रहा शेड्यूल

नई दिल्ली। लॉकडाउन की घोषणा के बाद से लोगों की तरफ से मांग उठी की रामानंद सागर द्वारा बनाई गई रामायण को फिर से प्रसारित किया जाय। अब इस मांग पर मोदी सरकार ने मुहर लगा दी है। बता दें कि रामायण का पुन: प्रसारण दूरदर्शन पर शनिवार(28 मार्च) से होगा। इसे प्रसारित करने का समय सुबह 9 बजे से 10 बजे तक होगा।

इतना ही नहीं ये सीरियल दिन में दो बार दिखाया जाएगा। जिसमें पहला एपिसोड दिन में 9 से 10 बजे तक तो वहीं अगला एपिसोड रात के 9 बजे से 10 बजे तक दिखाया जाएगा। गौरतलब है कि 21 दिनों के लॉकडाउन की वजह से लगातार रामायण के दोबारा प्रसारण की मांग उठाई जाती रही थी।

इसको लेकर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट करके कहा, ‘ जनता की मांग पर कल शनिवार 28 मार्च से ‘रामायण’ का प्रसारण पुनः दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा।  पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे होगा।’

गौरतलब है कि रामायण में भगवान राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था। इस कार्यक्रम से उनकी छवि ऐसी बनी कि लोग उन्हें भगवान राम ही समझने लगे। वो जहां जाते थे, पैर छूने के लिए लोगों की लाइन लग जाती थी।

रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया को आज भी सीता के रूप में ही याद किया जाता है। वैसे तो टीवी पर कई एक्ट्रेस ने सीता का किरदार निभाया, लेकिन दीपिका जैसा जादू किसी का नहीं चला। उनका रूप और सौम्य व्यवहार दर्शकों को इस कदर भाया कि लोगों को उनमें सीता माता के छवि दिखने लगी।

दारा सिंह ने रामानंद सागर की रामायण में हनुमान का रोल निभाया था। उनकी कदकाठी इस रोल के परफैक्ट थी। दारा सिंह आज भले इस दुनिया में न हों लेकिन लोगों के जहन में वो आज भी जिंदा हैं।

रामायण में रावण का रोल निभाकर अरविंद त्रिवेदी ने खासी लोकप्रियता बटोरी थी। इस रोल ने उन्हें इस कदर सफलता की बुलंदियों पर पहुंचाया कि लोग उन्हें असल जिंदगी में रावण समझने लगे थे।

Exit mobile version