News Room Post

मजबूर किसान बेटियों से जुतवा रहा खेत, वीडियो देख सोनू सूद ने किया ये ऐलान

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को गरीबों का मसीहा कहा जा रहा है। जब से कोरोना और लॉकडाउन लगा है तब से अब तक सोनू सूद हजारों लोगों की मदद कर रहे हैं। लॉकडाउन के दिनों में उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को अपने घर पहुंचाने में मदद की थी। इसके अलावा वो आर्थिक रूप से कमजोर और परेशान लोगों की मदद कर रहे हैं। हाल ही में वो एक किसान की मदद के लिए आगे आये हैं।

दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक किसान और उसके परिवार का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में किसान अपनी दो बेटियों की मदद से खेत जोतता नजर आ रहा है। पैसों की कमी के चलते उसकी बेटियां बैल की जगह काम कर रही हैं। वीडियो में लड़कियां जिस मेहनत से खेत को जोत रही हैं, उसके देखने के बाद किसी का भी दिल पिघल सकता है। यह वीडियो आंध्र प्रदेश का है।

इस वीडियो को देखने के बाद अभिनेता सोनू सूद ने तुरंत किसान के परिवार की मदद करने का फैसला किया और उसको दो बैल देने की बात कही है। सोनू सूद ने वायरल हो रहे इस वीडियो पर ट्वीट के जरिए प्रतिक्रिया दी है और मदद की घोषणा की है।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ”कल सुबह से दो बैल इसके खेत जोतेंगे। किसान हमारे देश का गौरव है। इन बच्चियों को पढ़ने दें।” सोशल मीडिया पर उनका यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके कई फैंस इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके अलावा हाल ही में सोनू सूद ने माउंटेनमैन के नाम से पहचाने जाने वाले दशरथ मांझी के परिवार के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया।

Exit mobile version