newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मजबूर किसान बेटियों से जुतवा रहा खेत, वीडियो देख सोनू सूद ने किया ये ऐलान

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को गरीबों का मसीहा कहा जा रहा है। जब से कोरोना और लॉकडाउन लगा है तब से अब तक सोनू सूद हजारों लोगों की मदद कर रहे हैं। हाल ही में वो एक किसान की मदद के लिए आगे आये हैं।

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को गरीबों का मसीहा कहा जा रहा है। जब से कोरोना और लॉकडाउन लगा है तब से अब तक सोनू सूद हजारों लोगों की मदद कर रहे हैं। लॉकडाउन के दिनों में उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को अपने घर पहुंचाने में मदद की थी। इसके अलावा वो आर्थिक रूप से कमजोर और परेशान लोगों की मदद कर रहे हैं। हाल ही में वो एक किसान की मदद के लिए आगे आये हैं।

sonu sood2

दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक किसान और उसके परिवार का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में किसान अपनी दो बेटियों की मदद से खेत जोतता नजर आ रहा है। पैसों की कमी के चलते उसकी बेटियां बैल की जगह काम कर रही हैं। वीडियो में लड़कियां जिस मेहनत से खेत को जोत रही हैं, उसके देखने के बाद किसी का भी दिल पिघल सकता है। यह वीडियो आंध्र प्रदेश का है।

sonu sood

इस वीडियो को देखने के बाद अभिनेता सोनू सूद ने तुरंत किसान के परिवार की मदद करने का फैसला किया और उसको दो बैल देने की बात कही है। सोनू सूद ने वायरल हो रहे इस वीडियो पर ट्वीट के जरिए प्रतिक्रिया दी है और मदद की घोषणा की है।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ”कल सुबह से दो बैल इसके खेत जोतेंगे। किसान हमारे देश का गौरव है। इन बच्चियों को पढ़ने दें।” सोशल मीडिया पर उनका यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके कई फैंस इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके अलावा हाल ही में सोनू सूद ने माउंटेनमैन के नाम से पहचाने जाने वाले दशरथ मांझी के परिवार के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया।