News Room Post

11 विस्थापित पाकिस्तानियों के शव जोधपुर में मिले, जहर खाकर जान देने की आशंका

Pakistan refugees found dead in Jodhpur

नई दिल्ली। राजस्थान के जोधपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जोधपुर जिले के देचू थाना इलाके में पाकिस्तान के 11 विस्थापितों के शव मिले हैं। यह शव लोड़ता गांव के एक खेत में बने कमरे से मिले हैं। यह लोग पाकिस्तान से विस्थापित होकर यहां आए थे और खेत में करसा का काम करते थे। पहली नजर में सभी की मौत का कारण कीटनाशक के छिड़काव या कोई जहरीली वस्तु खा लेने से माना जा रहा है। हालांकि, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत की सूचना मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने 11 लोगों के शव बरामद किए। साथ ही एक युवक घायल अवस्था में दिखा, जिसको पुलिस ने पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। मृतकों में 2 पुरुष, 4 महिला, 5 बच्चे बताए जा रहे हैं।

इस घटना पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘जोधपुर देचू में एक दर्जन पाक विस्थापित नागरिकों की मृत्यु @ashokgehlot51की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है। मृतकों में 2 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे हैं। एक के बाद एक, प्रदेश की बिगड़ी व्यवस्था की भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं। सरकार त्वरित कार्यवाही कर तथ्यों को सामने लाए।’

Exit mobile version