News Room Post

शादी और शवयात्रा में तय की गई अधिकतम संख्या, इससे अधिक लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए शादी और शवयात्रा दोनों में शामिल होने वाले लोगों की सीमा तय कर दी है। इस फैसले के तहत  शादी में 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकते हैं। जबकि शवयात्रा में 20 से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं होगी।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और गृह मंत्रालय ने साथ की गई प्रेस कांफ्रेंस में इस आशय का ऐलान किया। इसके साथ ही एहतियातन कई जरूरी सावधानियां भी घोषित की गईं। गृह मंत्रालय की संयुक्‍त सचिव पुण्‍य सलिला श्रीवास्‍तव ने कहा कि विवाह या शवयात्रा में शामिल होने वाले लोगों की अधिकतम संख्या तय कर दी गई है।

सभी को शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। फेस मास्क लगाना भी जरूरी होगा। सरकार ने विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की वतन वापसी की योजना का भी ऐलान किया। सरकार के मुताबिक 7 मई से चरणबद्ध तरीके से वतन वापसी शुरू की जाएगी। भारत सरकार इस काम में वायुसेना और नौ सेना दोनों की मदद लेगी। उड़ान से पहले सभी यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी। जिन भारतीयों में खांसी, बुखार या सर्दी के लक्षण पाए जाते हैं उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सरकार की ओर से पिछले 24 घंटों में कोरोना का अपडेट भी दिया गया। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के संयुक्‍त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1020 लोग ठीक हुए हैं। अब ठीक होने वालों की संख्या 12726 हो गई है व रिकवरी रेट 27.41 % हो गया है।  देश के अब तक 46, 433 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं।

Exit mobile version