News Room Post

Akhilesh Yadav On Congress: अखिलेश यादव बोले- राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए अब तक नहीं मिला न्योता, ममता बनर्जी ने भी लगाया था यही आरोप

लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आजकल भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। पिछले दिनों उनकी यात्रा पश्चिम बंगाल में थी। पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी या कांग्रेस के किसी नेता ने उनको भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने का न्योता नहीं दिया। यहां तक कि ये भी नहीं बताया कि बंगाल में कब ये यात्रा पहुंचेगी। अब कुछ ऐसा ही आरोप समाजवादी पार्टी यानी सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लगाया है। अखिलेश यादव ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में कहा कि इसमें शामिल होने के लिए उनको अब तक न्योता नहीं मिला है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कुछ दिन बाद ही राहुल गांधी यूपी में दाखिल होने वाले हैं।

खास बात ये है कि अखिलेश यादव और ममता बनर्जी उस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है। अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में न बुलाए जाने की जानकारी देते हुए तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा हुआ है, जब कोई कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनको बुलावा आया। हालांकि, यूपी में कांग्रेस से सीटों के बंटवारे के बारे में उनका कहना था कि इस पर करीब-करीब सहमति बन चुकी है और जीत के हिसाब से सीटों का बंटवारा होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान से उनकी बात हो चुकी है। इससे पहले अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि उन्होंने कांग्रेस को 11 लोकसभा सीटें दी हैं। इस पर कांग्रेस की तरफ से कहा गया कि अभी ये बंटवारा फाइनल नहीं है।

अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच पिछले दिनों काफी टकराव भी देखने को मिला था। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों पक्षों में तल्खी आई थी। अखिलेश यादव ने सपा के लिए मध्यप्रदेश में 4 सीटें मांगी थीं, लेकिन कांग्रेस ने कोई सीट नहीं दी थी। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तब मध्यप्रदेश में अध्यक्ष रहे कमलनाथ ने अखिलेश के बारे में कुछ ऐसा बोल दिया था, जो समाजवादी पार्टी को नागवार गुजरा था। अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर उस वक्त जोरदार निशाना साधा था। फिर भी अखिलेश ने यूपी में कांग्रेस के साथ लोकसभा सीटों के बंटवारे पर बात की।

Exit mobile version