News Room Post

Amritpal Singh: गृहमंत्री अमित शाह को इंदिरा गांधी जैसा हश्र देने की धमकी समेत इन बयानों से सुर्खियों में आया था अमृतपाल सिंह, अब बना भगोड़ा

वारिस पंजाब दे का प्रमुख अमृतपाल सिंह भगोड़ा हो गया है। यही अमृतपाल सिंह कुछ दिन पहले तक धमकी भरे अंदाज में बयानबाजी कर रहा था, लेकिन पंजाब पुलिस का एक्शन होते ही अब गिरफ्तारी से बचने के लिए चूहे की तरह किसी बिल में जा छिपा है। पंजाब पुलिस की टीमें अमृतपाल सिंह को तलाश रही हैं।

amritpal singh and amit shah

अमृतसर। वारिस पंजाब दे का प्रमुख अमृतपाल सिंह भगोड़ा हो गया है। यही अमृतपाल सिंह कुछ दिन पहले तक धमकी भरे अंदाज में बयानबाजी कर रहा था, लेकिन पंजाब पुलिस का एक्शन होते ही अब गिरफ्तारी से बचने के लिए चूहे की तरह किसी बिल में जा छिपा है। अमृतपाल सिंह ने दुबई से भारत का रुख तो सितंबर 2022 में किया था, लेकिन उसकी गतिविधियां पिछले साल के अंत से लगातार बढ़ती जा रही थीं। इस साल फरवरी में अमृतसर के अजनाला थाने पर समर्थकों के साथ हल्ला बोलने के बाद वो मीडिया को लगातार इंटरव्यू दे रहा था। इन इंटरव्यू में उसने तमाम बातें ऐसी कही थीं, जो देशविरोधी के साथ खुलेआम धमकी भी थी।

अमृतपाल ने बीते दिनों अपने इंटरव्यू में अलग खालिस्तान की मांग पर बहुत जोर दे रखा था। उसने कहा था कि खालिस्तान की मांग बहुत पुरानी है और वाजिब है। उसने खुद को भारत का नागरिक मानने से इनकार तक कर दिया था। इतना ही नहीं, अजनाला थाने पर हल्ला बोलने को भी सही ठहराया था। उसका कहना था कि केंद्रीय और पंजाब की एजेंसियां उसकी हत्या भी करा सकती हैं। इन सबके बीच उसने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लिए धमकीभरी भाषा का इस्तेमाल किया था। अमृतपाल सिंह ने कहा था कि अमित शाह का हश्र इंदिरा गांधी जैसा हो सकता है। इंदिरा गांधी की हत्या खालिस्तान समर्थक उनके सुरक्षाकर्मियों ने 1984 में कर दी थी।

बहरहाल, धमकीभरे अंदाज में बात करने वाला अमृतपाल सिंह फिलहाल भगोड़ा है। उसे आखिरी बार पुलिस ने नकोदर के पास बाइक से भागते देखा था। पंजाब पुलिस ने शनिवार सुबह से अमृतपाल सिंह और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे पंजाब में विशेष अभियान छेड़ रखा है। पुलिस ने उसके 78 साथियों को गिरफ्तार किया है। अमृतपाल सिंह के फाइनेंसर को भी गुरुग्राम से पंजाब पुलिस ने पकड़ा है। अमृतपाल सिंह के करीबियों से 9 हथियार और बड़ी तादाद में कारतूस भी पंजाब पुलिस ने जब्त किया है।

Exit mobile version