News Room Post

Mangolpuri Murder: ‘हिंदू-मुसलमान नहीं मैं इंसान हूं’ कहने पर दिल्ली के मंगोलपुरी में हुई अरमान की हत्या, पिता और चचेरे भाई ने बताई सारी बात

mangolpuri arman murder case

नई दिल्ली। नई दिल्ली के मंगोलपुरी में अरमान नाम के युवक की चाकू मारकर जान ले ली गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों में से 3 को गिरफ्तार किया है। 2 की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों और पीड़ित परिवार के बीच पहले से वर्चस्व का विवाद था। वहीं, अरमान के पिता हाकिम का कहना है कि गणेश विसर्जन से लौटने के बाद किसी ने गुलाल लगा दिया। इससे कहासुनी हुई। अरमान बीच-बचाव करने गया। इस पर आरोपियों ने कहा कि तुम कैसे मुसलमान हो। अरमान ने इस पर जवाब दिया कि मैं सिर्फ इंसान हूं। इसी से विवाद और बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू मार दिया।

अरमान के चचेरे भाई फरदीन ने मीडिया को बताया कि अरमान अखाड़े भी जाता था। वो हनुमानजी को भी मानता था। हमले में फरदीन भी घायल हुआ है। उसने बताया कि जब गणेश चतुर्थी विसर्जन से लौटे, तो आरोपियों ने कहा कि मुसलमान होकर भी रंग लगा रखा है। फिर कहा कि आज नमाज भी नहीं पढ़ी। इसके बाद गाली-गलौज करने लगे। अरमान आया, तो उसको चाकू मार दिया। उसने आरोपियों के नाम सैफ, समीर, शाहरुख, शब्बीर, विनीत और अजय मलिक बताए। फरदीन के मुताबिक सबके पास 2-2 चाकू थे। इस हमले में अरमान, फरदीन और मोंटी घायल हुए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां अरमान को मृत घोषित किया गया था।

जांच से ये भी पता चला है कि चाकूबाजी के बाद शाहरुख अपने भाई और साथियों के साथ मंगोलपुरी के ओ ब्लॉक भी गया। वहां वो मट्ठी नाम के युवक को तलाश रहा था। कुछ दिन पहले शाहरुख के दोस्त सैफ के भाई का मट्ठी से झगड़ा होने की बात सामने आई है। आरोपियों को वहां मट्ठी के दोस्त अनुराग और रवि मिले। उन दोनों पर भी चाकू से हमला किया गया। अनुराग और रवि भी अस्पताल में हैं।

Exit mobile version