News Room Post

भारत-चीन सीमा विवाद के बीच सेना प्रमुख जाएंगे लद्दाख, लेंगे तैयारियों का जायजा

naravane

नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद के बीच भारतीय सेना प्रमुख एमएम नरवणे लद्दाख जाकर मौजूदा हालातों और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लेंगे। सीमा पर चल रहे तनाव के बीच सेना प्रमुख का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सेना प्रमुख इस दौरे से सीमा पर तैनात जवानों का हौसला भी बढ़ाएगा।

आपको बता दें कि LAC पर भारत और चीन के बीच चल रहे सीमा विवाद में भारतीय सेना द्वारा दिखाए गए शौर्य से चीनी सेना के हौसले पस्त हैं। जहां दोनों सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवानों की शहादत हुई थी तो वहीं चीन के 40 से अधिक सैनिकों की मौत हुई। इसके बाद से भारतीय सेना के हौसले बुलंद हैं।

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच LAC पर तनाव को लेकर भारत और चीन के बीच सोमवार को कोर कमांडर स्तर की बातचीत जारी है। चीन क्षेत्र के माल्डो में दोनों सेनाओं के बीच बातचीत चल रही है। पीपल्स लिबरेशन आर्मी के आग्रह पर बैठक बुलाई गई है। भारतीय सेना ने गलवान में जिस तरह का पराक्रम दिखाया है, उससे चीन घबरा गया है। अब चीन ने LAC पर तनाव को लेकर बैठक का आग्रह किया है।

इस उच्च स्तरीय वार्ता में भारतीय शिष्टमंडल की अगुवाई 14 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिन्दर सिंह कर रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल स्तर की पहले दौर की बातचीत छह जून को हुई थी जिसमें दोनों पक्षों ने सभी संवेदनशील इलाकों से सैनिकों को हटाने का फैसला किया था।

Exit mobile version