News Room Post

14 साल बाद बाबूलाल मरांडी की हुई भाजपा में ‘घर वापसी’

Babulal Marandi Amit Shah

नई दिल्ली। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने 14 साल बाद भाजपा में वापसी कर ली है। इसके अलावा सोमवार को बाबूलाल मरांडी ने अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) का भाजपा में विलय भी कर दिया। मरांडी की वापसी के बाद माना जा रहा है कि उन्हें भाजपा में कोई अहम पद दिया जा सकता है।

बाबूलाल मरांडी के भाजपा में आने के समय केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने बाबूलाल मरांडी को माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। बता दें कि 2006 में बाबूलाल मरांडी ने भाजपा में मतभेद होने के बाद पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर झारखंड विकास मोर्चा का गठन कर अपनी अलग पार्टी बना ली थी। 14 साल बाद मरांडी सोमवार को दोबारा भाजपा में शामिल हुए।

विलय के बाद संगठन के स्वरूप और उसमें बाबूलाल मरांडी की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है। भाजपा नेताओं ने मरांडी को महत्वपूर्ण दायित्व देने की बात कही, पर मरांडी ने कहा कि वे एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में भाजपा में शामिल होंगे। उन्हें पद की कोई लालसा नहीं।

मिली जानकारी के मुताबिक मरांडी को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है। झारखंड विकास मोर्चा से निकाले गए दोनों विधायक प्रदीप यादव और बंधु तीर्की आज कांग्रेस में शामिल होंगे। दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर में करीब 3.30 बजे दोनों कांग्रेस में शामिल होंगे। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह की मौजूदगी में दोनों विधायक कांग्रेस का हाथ थामेंगे। हालांकि कांग्रेस में प्रदीप यादव के शामिल होने का विरोध भी हो रहा है। इरफान अंसारी ने प्रदीप यादव के विरोध में कार्यकारी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने का एलान किया है।

Exit mobile version