News Room Post

Bihar Election: भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 46 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, देखें किस-किस को कहां से मिला टिकट

BJP MODI NADDA AMIT SHAH RAJNATH

नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव के साथ ही देश के 5 राज्यों में विधानसभा के लिए खाली हुई सीटों पर भी उपचुनाव होना है। इसके लिए सभी पार्टी अपनी दमखम दिखाने की कोशिश में लगे हैं। इन सीटों पर चुनाव की घोषणा की साथ ही राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्य विधानसभा के उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 46 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है। इससे पहले भाजपा ने बुधवार को अगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इस सूची में नौतन से नारायण प्रसाद, बेतिया से रणु देवी, सीतामढ़ी से मिथलेश कुमार, गोपालगंज से सुभाष सिंह आदि के नाम का ऐलान भाजपा की तरफ से किया गया है। इससे पहले इसमें से सिर्फ दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे।

बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक पद से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने वाले गुप्तेश्वर पांडेय को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें बक्सर से चुनाव लड़ाया जा सकता है। बक्सर पांडेय का पैतृक जिला है। लेकिन एनडीए गठबंधन में यह सीट भाजपा के हिस्से आई है। पार्टी ने बक्सर विधानसभा क्षेत्र से परशुराम चतुर्वेदी और अरवल से दीपक शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने इन दोनों नामों को अपनी स्वीकृति दी है।

बक्सर विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में भाजपा ने युवा नेता प्रदीप दूबे को अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्हें कांग्रेस के मुन्ना तिवारी के हाथों 30 हजार से अधिक मतों से पराजय का सामना करना पड़ा था। हार के बावजूद दूबे क्षेत्र में डटे हुए थे और लगातार जनता के संपर्क में थे। अरवल विधानसभा सीट पर भी पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल के रवींद्र सिंह को जीत मिली थी। इससे पहले भाजपा ने मंगलवार को 27 उम्मीदवारों की पहली सूची की थी। इस प्रकार भाजपा ने पहले चरण के तहत राज्य की 71 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए अब तक कुल 29 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में मंगलवार को सीटों का बंटवारा हो गया। इसके तहत फैसला हुआ कि भाजपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि जद(यू) के हिस्से में 122 सीटें आईं। जद(यू) ने अपने हिस्से की 122 सीटों में से सात सीटें हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) को दी है जबकि भाजपा ने अपने कोटे से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को 11 सीटें दी है।

 

वीआईपी अब बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा भी बन गई। निर्वाचन आयोग ने 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को तीन चरणों में मतदान कराने और 10 नवंबर को मतगणना कराने की घोषणा की है। पहले चरण के तहत 28 अक्टूबर को राज्य के 71 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा जबकि तीन नवंबर को दूसरे चरण का मतदान 94 सीटों पर होगा। सात नवंबर को तीसरे चरण का मतदान 78 विधानसभा सीटों पर होगा।

Exit mobile version