नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को आम आदमी पार्टी की नेता और मौजूदा सीएम आतिशी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि जैसा कि उनकी पार्टी कह रही थी, बीजेपी के लोग जबरन वोटिंग से पहले लोगों की अंगुली में स्याही लगा रही है। दिल्ली पुलिस भी इस मामले में एक फोन कॉल के बाद एक्टिव हुई और पड़ताल में जुट गई। अब आपको बताते हैं कि दिल्ली पुलिस की पड़ताल में आतिशी का दावा सही निकला या नहीं।
दिल्ली पुलिस ने जब जबरन अंगुली पर स्याही लगाने के बारे में फोन कॉल के बाद जांच शुरू की, तो पता चला कि संबंधित वीडियो एक हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान का है। फिरोज खान की उम्र 40 साल है। हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान पर 15 केस हैं। जब पुलिस ने फिरोज खान को पकड़ा, तो वो नशे में मिला। साथ ही ये भी पता चला कि उसकी अंगुली में कोई स्याही नहीं लगी है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जानकारी रिटर्निंग अफसर और फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम को दे दी। फिरोज खान से जब दिल्ली पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो वो अपनी बात से पलट गया। फिरोज खान ने कहा कि उसने दिल्ली पुलिस को फोन नहीं किया। दावा गलत निकलने के बाद भी दिल्ली की सीएम आतिशी ने खबर लिखे जाने तक अपने सोशल मीडिया पोस्ट को डिलीट नहीं किया था। वहीं, बीजेपी ने इस मामले में निशाना साधा। तमाम यूजर्स ने भी फिरोज खान का वीडियो शेयर कर आतिशी को घेरा।
यह वीडियो देखिए। चुनाव से पहले वोटरों की उँगलियों पर स्याही लगाई जा रही है। उन्हें वोट देने से रोकने की लिये।
आज हम इलेक्शन कमीशन से मिल कर आए थे। यह ही डर जताया था। उम्मीद करते हैं की @ECISVEEP पूरी दिल्ली में इस पर युद्धस्तर पर कार्यवाही करेगा, लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार… pic.twitter.com/znow32FpAU
— Atishi (@AtishiAAP) February 4, 2025
एक और झूठ पकड़ा गया।
जांच करने पर पता चला कि जिस व्यक्ति ने अपनी उंगली पर स्याही लगे होने का दावा किया था, वह फिरोज़ खान, पुत्र सलीम, निवासी 2815/2, गली नंबर 12, कैलाश नगर, गांधी नगर, उम्र 40 वर्ष है और वह संबंधित थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, और… https://t.co/PJS2W2VUdN pic.twitter.com/78uvu0wxVy
— Amit Malviya (@amitmalviya) February 4, 2025
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 2 बार से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला हो रहा है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस और बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर घेरा है। अरविंद केजरीवाल पर सीएम हाउस में काफी पैसा खर्च करने का आरोप भी दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती 8 फरवरी को होनी है। उसी दिन पता चलेगा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर अरविंद केजरीवाल की पार्टी को सत्ता सौंपती है या कांग्रेस और बीजेपी में से किसी एक को सरकार चलाने के लिए बहुमत देती है।