News Room Post

Uttar Pradesh: सीएम योगी आदित्यनाथ ने निभाया अपना वादा, 31 हजार से ज्यादा शिक्षकों को दिया नियुक्ति-पत्र

cm yogi

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना वादा पूरा किया। उन्होंने इससे पहले वादा किया था कि वह शिक्षकों को जल्द नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके लिए पहले से ही 16 तारीख की तिथी तय की गई थी। इससे पहले शिक्षकों की भर्ती की सूची जारी की गई थी। शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपने के साथ ही सीएम योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा संपूर्ण शिक्षा की बुनियाद है। अगर बुनियाद बेहतर है तो उस पर बुलंद इमारत खड़ी की जा सकती है। ऐसे में में बेसिक शिक्षा परिषद के नव नियुक्त सहायक शिक्षकों का फर्ज बढ़ जाता है। आप बच्चों के लिए शिक्षक के साथ उनके मित्र और मार्गदर्शक भी बनें। उनको शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार भी दें। खुद को बच्चों के लिए रोलमॉडल और प्रेरक बनाएं। अगर आप ऐसा कर ले गये तो देश के भविष्य के निर्माण में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आप बचपन में इन बच्चों को जो भी सिखाएंगे उसे वह ताउम्र याद रखेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर नव नियुक्त 31,277 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। बहुप्रतीक्षित भर्ती प्रक्रिया की सुखद पूर्णाहुति करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी नियुक्ति हुई है, उसका आधार सिर्फ मेरिट हैं। शुचिता और पारदर्शिता के साथ नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर उत्तर प्रदेश ने अन्य राज्यों के समक्ष एक नजीर प्रस्तुत किया है।

नवनियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग युवा हैं। स्वाभाविक है तकनीक से भी आपको लगाव होगा। पठन-पाठन में तकनीक का अधिकतम प्रयोग करें। नवाचार करें ताकि अधिक से अधिक बच्चे इन स्कूलों में आएं। योगी ने कहा साढ़े तीन साल में बेसिक स्कूलों में बुनियादी संरचना, शिक्षा के गुणवत्ता और स्कूल ड्रेस के लिहाज से बहुत कुछ बदला है। यही वजह है कि इस दौरान बच्चों की संख्या में करीब 50 लाख का इजाफा हुआ है। उम्मीद है कि आपकी लगन से यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अगले 100 दिन में सरकार सभी प्राइमरी स्कूलों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। इस संबंध में कार्ययोजना तैयार हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए हर प्राइमरी स्कृल में मानक के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति हमारी प्रतिबद्धता है। हम तो वर्ष 2019 में ही 69 हजार शिक्षकों की नियुक्ति करना चाहते थे, पर कुछ लोग जिनकी आदत ही बाधा डालना है वे लोग मामले को कोर्ट में ले गये। यह नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के क्रम में हो रहीं है। आगे उसका निर्देश मिलते ही बाकी नियुक्तियां भी की जाएंगी।

नव नियुक्त शिक्षकों से बोले योगी, अब No Protest, सिर्फ पढ़ाना-लिखाना

31,277 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ नव नियुक्त शिक्षकों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन पर्व के पहले मिली इस सौगात के लिए आप सबको सपरिवार शुभकामनाएं। यह सब आपकी परिश्रम का नतीजा है। याद रखें सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। आपमें जो प्रतिभा थी, उसे पहचान मिली है। आंदोलन बहुत हो चुका। अब सिर्फ पूरे लगन से बच्चों को पढ़ाएं। रेग्युलर स्कूल जाएं।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ की मंजुला त्रिपाठी, तनुजा सिंह, प्रिंस पटेल, कुणाल गौतम और कविता कुमारी गौड़ को अपने हाथ से नियुक्ति पत्र भी दिया।

Exit mobile version