News Room Post

Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यनाथ का साफ संदेश, यूपी में अब नहीं होगा कोई कैराना और कांधला

Yogi Adityanath

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के बूथ, मंडल और सेक्टर पदाधिकारियों में भरा उत्साह भरने का काम किया। वह बुलंदशहर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के बूथ, मंडल और सेक्टर पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कोई ‘कैराना या कांधला’ नहीं बन पाएगा। कुत्सित राजनीति की भेंट चढ़े ‘मुजफ्फरनगर’ की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। इन जगहों पर क्या हुआ था? किसकी वजह से हुआ था? सबको पता है। ऐसे ही लोग अपनी नापाक हरकतों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश को एक बार फिर सांप्रदायिकता और जातीयता की आग में झोंकना चाहते हैं। इनके रग-रग में दंगा बसा है। इनके मंसूबों को कतई कामयाब नहीं होने देंगे। एक-एक कर सबकी पहचान हो रही है। इन पर कार्रवाई भी होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलंदशहर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के संबंध में आयोजित भाजपा के बूथ, मंडल और सेक्टर के पदाधिकारियों से ऑनलाइन मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि किसानों के असली मसीहा चौधरी चरण सिंह थे। बाकी लोगों के लिए किसान सिर्फ वोट बैंक रहे हैं। अगर किसानों की इतनी ही फिक्र रहती तो 30 साल से बंद रमाला चीनी मिल चलवा देते। मोइनुद्दीन चीन मिल को अपग्रेड कर उसकी क्षमता बढ़वा देते। यह काम भाजपा ने किया। पश्चिम उप्र के गन्ना बेल्ट की किसानों की समस्याएं बेहतर तरीके से समझने के लिए उसी क्षेत्र के विधायक को विभाग का मंत्री बनाया। नतीजतन साढ़े तीन साल में एक लाख छह हजार करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ। यह एक रिकॉर्ड है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हमारे लिए सिर्फ नारा नहीं संकल्प है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जितनी भी कल्याणकारी योजनाएं हैं उनके पाने की एक मात्र शर्त पात्रता ही रही है। हमने पूरी पारदर्शिता से बिना भेदभाव के इनका लाभ सबको दिया। पहले की सरकारों में इसके लिए जाति, धर्म, मजहब और क्षेत्र होता था। हर व्यक्ति जो शांति और विकास चाहता है वह भाजपा को भी चाहता है। आप उस तक पहुंचेंगे तो वह आपको छोड़कर कहीं जाने वाला नहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सिरोही बुलंदशहर को विकास की बुलंदी पर ले जाना चाहता थे। वे पार्टी, संगठन और क्षेत्र के लिए समर्पित थे। उनके सपनों को पूरा करना हम सबका फर्ज है। कर भी रहे हैं।

आगे योगी ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए सबसे बड़ा लंबा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे बुलंदशहर से होकर गुजरेगा। एशिया का सबसे बड़ा इंटरनेशन जेवर एयरपोर्ट आपके बाजू में बन रहा है। ग्रेटर नोएडा में देश की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं। इसका सबका लाभ बुलंदशहर को भी मिलेगा।

Exit mobile version