News Room Post

CM Yogi: रामचरितमानस की प्रतियां जलाने वालों पर सीएम योगी का पहला बयान, जानिए क्या कुछ कहा….

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामचरितमानस की प्रतियां जलाने के प्रसंग को लेकर एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऐसा कुकृत्य करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी नहीं, बल्कि हो चुकी है। उन्होंने ऐसा करने वाले लोगों को विकृत मानसिकता का शिकार बताया। कहा कि रामचरितमानस एक पवित्र ग्रंथ है, जो समाज को जोड़ने का काम करता है। इसके प्रति हर सनातनी के मन में सम्मान का भाव है। उत्तर भारत में हर मांगलिक कार्यों में रामचरितमानस के पाठ होते हैं, जो लोग अभी रामचरितमानस के श्लोकों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें इसकी समझ नहीं है।

बता दें कि यह पहली बार है कि जब सीएम योगी ने रामचरितमानस की प्रतियां जलाने के प्रसंग पर अपनी राय सार्वजनिक की है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कई मसलों पर अपनी राय साझा कीं। उन्होंने अल्पसंख्यकों के संदर्भ में अपने सरकार के कार्यों का जिक्र किया। कहा कि कुछ लोग बीजेपी को मुस्लिम विरोधी बताने की होड़ में शामिल हो चुके हैं, लेकिन यह एक झूठा नेरेटिव है। हमारी सरकार अनवरत अल्पसंख्यकों के हितों के लिए प्रयासरत है। उन्होंने आगे कहा कि हम अल्पसंख्यकों के हितों के लिए कई योजनाएं लेकर आए हैं, जो कि आगामी दिनों में उन्हें फायदा पहंचाएंगी।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया से मुखातिब होने के क्रम में रामचरितमानस के संदर्भ में विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने रामचरितमानस में लिखे श्लोकों को दलित विरोधी तक बताया था। उन्होंने तो रामचरितमानस को एक बकवास पुस्तक बताया था। जिसके बाद लखनऊ में इस ग्रंथ की प्रतियां जलाई गई थीं। बाद में ऐसा करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया था। याद दिला दें कि इससे पहले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखऱ प्रसाद ने भी रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी की थी।

 

उन्होंने इस ग्रंथ को दलित विरोधी बताया था। जिसके बाद बीजेपी बिहार की नीतीश सरकार पर हमलावर हो गई थी और चंद्रशेखर को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की। लेकिन, बाद में नीतीश कुमार ने खुद इस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह उनका निजी बयान है। लेकिन बीजेपी का हमला बदस्तूर जारी रहा। बहरहाल, उक्त प्रकरण पर सीएम योगी द्वारा दिया गया बयान खासा सुर्खियों में है। अब ऐसे में यह पूरा माजरा आगामी दिनों में क्या रुख अख्तियार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Exit mobile version