News Room Post

Buta Singh passes away: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

Buta Singh

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूटा सिंह (Congress leader Buta Singh) का निधन हो गया है। आज दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली। 86 साल के बूटा सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गहरा शोक जताया है। पीएम मोदी ने लिखा, ‘बूटा सिंह गरीबों और दलितों के कल्याण के लिए अनुभवी प्रशासक और प्रभावी आवाज थे। उनके निधन से दुखी हूं। बूटा सिंह के परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’



कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भी बूटा सिंह के निधन पर शोक जताया। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, सरदार बूटा सिंह के देहांत से देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और जनता की भलाई के लिए समर्पित कर दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।

आपको बता दें कि पंजाब के जालंधर के मुस्तफापुर गांव में जन्मे बूटा सिंह 8 बार लोकसभा के सांसद रहें। उनकी पहचान पंजाब के बड़े दलित नेता के तौर पर रही। राजीव गांधी की सरकार में साल 1986 से 1989 तक वह केंद्रीय गृह मंत्री रहे। इसके अलावा बूटा सिंह 2004 से 2006 तक बिहार के राज्यपाल भी रहे थे।

Exit mobile version