नई दिल्ली। केंद्र में फिर पीएम नरेंद्र मोदी सरकार बनाने जा रहे हैं। कल यानी रविवार को शाम 7.15 बजे नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं, विपक्षी खेमे के सबसे बड़े धड़े कांग्रेस में भले ही इस बार के लोकसभा चुनाव में पहले के मुकाबले ज्यादा सीटें लाने पर उत्साह हो, लेकिन 100 से कम के आंकड़े में अटक जाने पर चिंता भी है। ये चिंता इस वजह से भी है कि तमाम विपक्षी दलों के साथ मिलकर राहुल गांधी समेत उसके बड़े नेताओं के घनघोर प्रचार के बाद भी आखिर 99 सीटों के फेर में पार्टी क्यों फंस गई? इसी पर कांग्रेस आज मंथन करने वाली है।
जानकारी के मुताबिक आज शाम कांग्रेस के सभी बड़े नेता कार्यसमिति की बैठक में जुटेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कार्यसमिति की बैठक है। इस बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस कार्यसमिति के अन्य सदस्य शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस कार्यसमिति इस पर चर्चा करेगी कि आखिर 300 से कुछ ज्यादा सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ी, लेकिन सिर्फ 99 सीटें ही क्यों मिलीं? वो भी तब, जबकि विपक्षी दलों का भी साथ उसे मिला हुआ था। इसके अलावा कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में मोदी सरकार के खिलाफ संसद और बाहर रणनीति भी बनाए जाने की संभावना है।
कांग्रेस की एक और अहम बैठक पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में भी आज होनी है। इस बैठक में एक बार फिर कांग्रेस संसदीय दल के नेता के तौर पर सोनिया गांधी का चुनाव किया जाना है। सोनिया गांधी पहले भी कांग्रेस संसदीय दल की नेता रही हैं। अब नए सांसद चुनकर आए हैं, तो एक बार फिर सोनिया गांधी को उनका नेता बनाने की तैयारी है। सोनिया गांधी हालांकि अब लोकसभा की सदस्य नहीं हैं। वो राजस्थान से चुनकर राज्यसभा चली गई थीं। उनकी रायबरेली सीट से बेटे राहुल गांधी इस बार चुनकर लोकसभा पहुंचे हैं।