News Room Post

Dassault Aviation On Rafale Fighter Jets: पाकिस्तान से सैन्य संघर्ष में भारत के कितने राफेल लड़ाकू विमान नष्ट हुए?, दसॉ एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर ने बताया

Dassault Aviation On Rafale Fighter Jets: इससे पहले एसोसिएटेड प्रेस ने फ्रांस की खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए खबर दी थी कि चीन और पाकिस्तान ने राफेल लड़ाकू विमानों के बारे में झूठ फैलाया। ताकि अन्य देश राफेल की जगह चीन का बना लड़ाकू विमान खरीदें। हालांकि, चीन ने इस आरोप को सरासर गलत बताया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने ये दावा किया था कि उसने भारतीय वायुसेना के कई राफेल मार गिराए हैं।

नई दिल्ली। पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान का सैन्य संघर्ष हुआ था। इस दौरान खूब हल्ला मचा कि पाकिस्तान ने भारत के कई राफेल लड़ाकू विमान मार गिराए। भारत में भी राहुल गांधी समेत विपक्ष के तमाम नेताओं ने सरकार से सवाल पूछा कि कितने राफेल लड़ाकू विमान पाकिस्तान से सैन्य संघर्ष में नष्ट हुए? मोदी सरकार और भारतीय वायुसेना ने राफेल लड़ाकू विमानों को गिराए जाने संबंधी सवालों का जवाब नहीं दिया। भारतीय वायुसेना ने कहा कि ये जानकारी दुश्मन को फायदा पहुंचा सकती है। अब राफेल लड़ाकू विमान बनाने वाली फ्रांस की कंपनी दसॉ एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर ने इस बारे में जानकारी दी है।

दसॉ एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर ने दावा किया है कि पाकिस्तान से सैन्य संघर्ष में भारत का कोई भी राफेल लड़ाकू विमान नष्ट नहीं हुआ।

राफेल लड़ाकू विमान बनाने वाली दसॉ एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर ने फ्रांस की वेबसाइट ‘एवियों दे चासे’ को दिए इंटरव्यू में दावा किया है कि पाकिस्तान से संघर्ष में भारत का कोई भी राफेल लड़ाकू विमान नष्ट नहीं हुआ। एरिक ट्रैपियर ने वेबसाइट को बताया है कि एक राफेल विमान ऊंचाई पर उड़ रहा था और उस दौरान उसमें तकनीकी गड़बड़ी आ गई। जिसकी वजह से भारतीय वायुसेना का वो राफेल लड़ाकू विमान क्रैश हुआ। ये राफेल पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के दौरान क्रैश नहीं हुआ। दसॉ एविएशन के सीईओ ने कहा कि जो राफेल लड़ाकू विमान क्रैश हुआ, उसमें आई तकनीकी गड़बड़ी के मामले में जांच हो रही है।

वहीं, भारत के रक्षा सचिव आरके सिंह ने न्यूज चैनल सीएनबीसी टीवी-18 से बातचीत में उन दावों को गलत बताया है कि पाकिस्तान ने भारत के कई राफेल लड़ाकू विमानों को मार गिराया। रक्षा सचिव ने इस बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि वो भरोसा दिला सकते हैं कि ये सच नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के मुकाबले पाकिस्तान को सैन्य संघर्ष में कहीं ज्यादा नुकसान हुआ है। इससे पहले एसोसिएटेड प्रेस ने फ्रांस की खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए खबर दी थी कि चीन और पाकिस्तान ने राफेल लड़ाकू विमानों के बारे में झूठ फैलाया। ताकि अन्य देश राफेल की जगह चीन का बना लड़ाकू विमान खरीदें। हालांकि, चीन ने इस आरोप को सरासर गलत बताया है।

Exit mobile version