News Room Post

Punjab Gurudwara Firing: पंजाब के कपूरथला में गुरुद्वारा के स्वामित्व के मुद्दे पर निहंग सिख ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 पुलिसकर्मी की मौत और डीएसपी समेत कई घायल

nihang attack 2

कपूरथला। पंजाब के कपूरथला में बड़ी वारदात हुई है। यहां के एक गुरुद्वारा में निहंग सिख ने फायरिंग कर दी। निहंग सिख की गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। घटना में डीएसपी समेत 10 और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। गुरुद्वारा के स्वामित्व के झगड़े को लेकर फायरिंग होने की खबर है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद है। पंजाब में पहले भी निहंग सिखों ने पुलिस पर हमला किया था। ये घटना साल 2020 में हुई थी। उस वक्त पुलिस कोविड का लॉकडाउन लगाने की कोशिश कर रही थी। इसी का विरोध करते हुए निहंग सिखों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। तब एक निहंग सिख ने तलवार का वार कर पुलिस अधिकारी का हाथ काट दिया था। इसके बाद अब कपूरथला में निहंग सिख ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है।

इसी साल 24 अप्रैल को भी कपूरथला में निहंग सिखों ने जमकर बवाल किया था। निहंग सिखों के बीच मतभेद के कारण खुलेआम तलवारें और कृपाण चले थे। निहंग सिखों के दो गुटों में हुए संघर्ष में उस वक्त 3 लोग घायल हुए थे। उस वक्त भी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पर वर्चस्व की खातिर ये संघर्ष हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोला था। गुरुद्वारा बाविआ साहिब के परिसर में हुए खूनी संघर्ष में एक निहंग गंभीर रूप से घायल हुआ था। जिसे अमृतसर ले जाकर अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा था। जून 2023 के महीने में पंजाब के लुधियाना में रंजिश के कारण बलदेव सिंह नाम के निहंग सिख की हत्या भी हो चुकी है। इसी साल फरवरी में अजनाला में निहंग सिखों ने अजनाला थाने पर हमला भी किया था। ये वाकया खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह से जुड़ा हुआ है।

अमृतसर में डेरा समर्थकों पर भी निहंग सिखों ने हमला किया था। फोटो साभार अमर उजाला।

साल 2022 के सितंबर महीने में पंजाब के अमृतसर में निहंग सिखों और डेरा समर्थकों में संघर्ष हुआ था। दोनों तरफ से पथराव के साथ ही डंडों और तलवारों का इस्तेमाल किया गया था। इस संघर्ष को रोकने के लिए पुलिस पहुंची, तो पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया था। तब पुलिसकर्मी समेत 10 लोग घायल हुए थे। पुलिस का कहना था कि निहंग सिखों ने फायरिंग की। जबकि, निहंगों ने भी पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप लगाया था। वहीं, साल 2021 के मार्च महीने में पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस और निहंग सिखों में हिंसक संघर्ष हुआ था। इस संघर्ष में 2 थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस को हमलावरों से मुठभेड़ करनी पड़ी थी। जिसमें 2 निहंग सिख भी मारे गए थे।

Exit mobile version