News Room Post

Death Due To Flood: उत्तर भारत के राज्यों में बाढ़ और बारिश से 89 लोगों की मौत, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में बरपा कहर

flood 2

नई दिल्ली। भारी बारिश का कहर अभी उत्तर भारत के राज्यों पर जारी है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अलावा दिल्ली में बाढ़ का प्रकोप है। दिल्ली में हालांकि यमुना का पानी उतर रहा है, लेकिन अब भी ये खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस बीच, बाढ़ और बारिश से होने वाले अन्य हादसों में मौतों का आंकड़ा डराने वाला है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक यूपी, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा में बारिश और बाढ़ के कारण 89 लोगों की मौत हुई है। इनमें से पंजाब में 29 और हरियाणा में 26 मौतें हैं। यानी इन दोनों राज्यों को मिलाकर अब तक कुल 55 लोगों की जान गई है। यूपी में 10 लोगों ने जान गंवाई है।

बाढ़ के कहर के कारण पंजाब में 25000 से ज्यादा लोगों और हरियाणा में 5000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित इलाकों में ले जाना पड़ा है। पंजाब में घग्गर नदी ने संगरूर जिले के 20 गांवों को जलमग्न किया है। लाखों हेक्टेयर खेतों में फसल चौपट हो गई है। बाढ़ का पानी कल से कम होने के आसार बताए जा रहे हैं, लेकिन अगर तेज बारिश का दौर फिर शुरू हुआ, तो बाढ़ के फिर विकराल रूप लेने की बड़ी आशंका है। बारिश और बाढ़ की वजह से जगह-जगह जलभराव हुआ और इस वजह से आम लोगों में तमाम तरह की बीमारियां फैलने का भी अंदेशा है।

हिमाचल प्रदेश की बात करें, तो यहां पिछले दिनों आई भीषण बाढ़ के बाद 24 लोगों के शव मिले हैं। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुताबिक जिन लोगों के घर पूरी तरह बाढ़ से नष्ट हुए, उनको प्रति परिवार 145000 और कम क्षतिग्रस्त घरों के लिए 1 लाख रुपए दिए गए हैं। सीएम सुक्खू के मुताबिक हिमाचल में बाढ़ से 5000 करोड़ के बराबर संपत्ति का नुकसान हुआ है। बता दें कि हिमाचल में ब्यास नदी के उफनाने से 700 से ज्यादा सड़कें और तमाम पुल बह गए हैं। इनको फिर से बनाने के लिए काफी धन खर्च होगा। उधर, पहाड़ी इलाके वाले राज्य उत्तराखंड में जबरदस्त बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने दिया है। शासन की तरफ से सभी जिलों को इस वजह से अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

Exit mobile version