News Room Post

UP Election 2022: सपा-कांग्रेस को झटका, मुलायम के साढ़ू और प्रियंका की पोस्टर गर्ल ने थामा BJP का दामन

Pramod Gupta and Priyanka

लखनऊ। कांग्रेस के प्रचार अभियान ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य गुरुवार को लखनऊ में भाजपा में शामिल हो गईं। सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं दिए जाने से प्रियंका नाराज थीं और उन्होंने दावा किया कि उन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा के सहयोगी द्वारा रिश्वत देने के लिए कहा गया था। गुरुवार को बीजेपी में शामिल हुए एक और नेता मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता हैं। इस बीच रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया, जबकि सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल ने भी सपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने डिप्टी स्पीकर के पद से भी इस्तीफा दे दिया, जिसके लिए वे पिछले साल अक्टूबर में चुने गए थे।

भाजपा में शामिल होने के बाद प्रियंका मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”समाज सेवा के लिए मैं कांग्रेस से जुड़ी थी, मुझे कहा गया आप मेहनत करें फल ज़रुर मिलेगा। एक स्लोगन मिला लड़की हूं लड़ सकती हूं। मैं आज कहती हूं लड़की हूं लड़ने का हुनर रखती हूं, मेहनत भी की,परिणाम भी अच्छे आए पर मुझे लड़ने का मौका नहीं मिला।”

बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। जबकि 14 फरवरी को दूसरे का चरण का मतदान डाले जाएंगे। इसके अलावा 20 फरवरी को तीसरे चरण, 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, तीन मार्च को छठे चरण और सात मार्च को सातवें और आखिरी चरण का वोटिंग होगी। वहीं 10 मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version