News Room Post

विदा हुई यूपी पुलिस की सबसे पुरानी साथी, आखिरी परेड में आखिरी बार गरजी थ्री नॉट थ्री

नई दिल्ली। यूपी पुलिस की सबसे पुरानी साथी थ्री नॉट थ्री विदा हो गई। मगर विदाई से पहले अपने ड्यूटी के आखिरी दिन भी जमकर गरजी। यूपी के तमाम जिलों की पुलिस लाइन में थ्री नॉट थ्री का विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उसे परेड ग्राउंड में सजा कर रखा गया था। विदाई के दिन भी यह राइफल जमकर गरजी।

भले ही यूपी पुलिस को अब कई अत्याधुनिक असलहों से सुसज्जित कर दिया गया है लेकिन आजादी के पहले से लेकर अब तक पुलिस की शान रही ये रायफल अपने कार्यकाल में कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम देकर पुलिसिया तंत्र की शोभा बढ़ा चुकी है।

शासन के इसके प्रयोग पर पाबंदी लगाने के बाद अब थानों में पुलिस कर्मियों को इंसास और एसएलआर राइफल से लैस किया जा चुका है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 63 हजार इंसास और 23 हजार एसएलआर राइफलें थानों को दी जा चुकी है।

पुलिस कर्मियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे थ्री नाट थ्री राइफलों का प्रयोग न करें। रविवार को गणतंत्र दिवस परेड में ये राइफल आखिरी बार नजर आईं। इसके बाद किसी भी पुलिसकर्मी के हाथ में थ्री नाट थ्री की राइफल नहीं दिखेगी। सबसे पहले इस राइफल का इस्तेमाल प्रथम विश्वयुद्ध में किया गया। यूपी पुलिस के हाथों में यह राइफल 1945 में आई।

Exit mobile version