News Room Post

Gujarat : निकाय चुनाव में भाजपा का दबदबा, पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा- ‘धन्यवाद गुजरात’

Gujarat Municipal Eelection: गृह मंत्री अमित शाह(Amit Shah) ने इन नतीजों पर कहा कि, "आज गुजरात में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव के नतीजे आए। नतीजे दिखाते हैं कि गुजरात भारतीय जनता पार्टी(BJP) का गढ़ के रूप में खुद को प्रस्थापित करता है।

Modi

नई दिल्ली। मंगलवार को गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों से साफ हो गया है कि, इस बार फिर से गुजरात में भाजपा ने नगर निगम चुनावों में अपना दबदबा कायम रखा है। बता दें कि इस चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिली है तो वहीं कांग्रेस काफी पीछे नजर आई है। अब तक के जो रुझानों सामने आए हैं, उसके मुताबिक सभी छह नगर निगमों- अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट में भाजपा जीत की तरफ है। बता दें कि गुजरात के नगर निगमों में सत्ता कायम रखने के लिए कुल 576 सीटों में से 474 सीटों की जरूरत होती है। जिसमें से भाजपा ने अब तक 409 सीटें हासिल कर ली हैं। इस बंपर जीत पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। विजय रूपाणी ने अपने ट्वीट में कहा कि, ‘‘गुजरात के लोगों ने राजनीतिक विश्लेषकों को एक विषय उपलब्ध कराया है, जो इस बारे में अध्ययन कर सकते हैं कि किस तरह से सत्ता विरोधी लहर का सिद्धांत राज्य (गुजरात) में लागू नहीं होता है।’’

वहीं इन नतीजों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के जरिए गुजरात के लोगों को धन्यवाद कहा है। अपने ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि, “शुक्रिया गुजरात! राज्य में नगर निगम चुनाव के परिणाम स्पष्ट संदेश देते हैं कि लोगों में विश्वास और सुशासन की राजनीति के प्रति अटूट विश्वास है। भाजपा पर फिर से भरोसा करने के लिए राज्य की जनता का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमारा सम्मान है।”

एक और ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि, “मैं प्रत्येक कार्यकर्ता के प्रयासों की सराहना करता हूं। गुजरात सरकार की जनहित नीतियों ने पूरे राज्य को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है।” उन्होंने कहा कि, भाजपा के प्रति समाज के सभी वर्गों, खासकर गुजरात के युवाओं का व्यापक समर्थन देखना खुशी की बात है।

इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने इन नतीजों पर कहा कि, “आज गुजरात में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव के नतीजे आए। नतीजे दिखाते हैं कि गुजरात भारतीय जनता पार्टी का गढ़ के रूप में खुद को प्रस्थापित करता है। भाजपा ने 85% सीटें जीती हैं।”

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, “गुजरात की सभी 6 महानगर पालिका में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में गुजरात BJP को अपार बहुमत मिला है। मैं इस जीत के लिए सभी 6 महानगर पालिका के मतदाताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूँ।”

उन्होंने कहा कि, “गुजरात BJP की यह ऐतिहासिक जीत प्रदेश की जनता की आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की जन-कल्याणकारी और विकास की नीतियों में अटूट विश्वास की जीत है। मैं प्रदेश की जनता को भाजपा में निरंतर विश्वास प्रकट करने के लिए धन्यवाद देता हूँ।”

Exit mobile version