News Room Post

टीकाकरण अभियान का पहला दिन रहा सफल, अस्पताल में भर्ती होने का कोई मामला नहीं: स्वास्थ्य मंत्रालय

Health Ministry: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन(Dr. Harshvardhan) ने कहा कि, "वैक्सीनेशन निश्चित रूप से हम सब के लिए कोविड(Covid) के खिलाफ लड़ाई में एक संजीवनी के रूप में प्रस्तुत की गई है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई के कदम और तेजी से आगे बढ़ेंगे ये हमें निश्चित नजर आता है।"

Vaccination

नई दिल्ली। शनिवार को देशभर में शुरू हुए कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण अभियान को लेकर शाम को स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, पहला दिन पूरी तरह से सफल रहा और वैक्सीन लेने के बाद अबतक किसी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने नहीं आई है। ऐसे में मंत्रालय ने पहले दिन को सफल माना है। शनिवार शाम को एक प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कहा गया कि, “आज देश में 3351 सत्र में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम किया गया। वैक्सीनेशन ड्राइव में 2 तरह के वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। COVISHIELD सभी राज्यों को दिया गया है। COVAXIN को 12 राज्यों को दिया है।” विभाग की तरफ से जानकारी दी गई कि, आज शाम 5:30 बजे तक पूरे देश में 1,65,714 लोगों को कोविड वैक्सीन का टीका लगाया गया था। बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि, “टीकाकरण अभियान का पहला दिन सफल रहा। अब तक टीकाकरण के बाद अस्पताल में भर्ती होने का कोई मामला सामने नहीं आया है।”

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि, “वैक्सीनेशन निश्चित रूप से हम सब के लिए कोविड के खिलाफ लड़ाई में एक संजीवनी के रूप में प्रस्तुत की गई है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई के कदम और तेजी से आगे बढ़ेंगे ये हमें निश्चित नजर आता है।”

बता दें कि शनिवार से देश में दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज 3 करोड़ कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगेगा। जिसका खर्च स्वयं भारत सरकार ही उठाएगी। बता दें कि पूरे देश में एक साथ टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई और सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में इसके लिए कुल 3006 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं।

Exit mobile version