News Room Post

Lalu Yadav Video: I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक से पहले लालू यादव के बिगड़े बोले, PM मोदी पर की विवादित टिप्पणी

Lalu Yadav

नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए मोदी सरकार के खिलाफ घेराबंदी करने के लिए विपक्षी दलों ने I.N.D.I.A गठबंधन बनाया। मुंबई में I.N.D.I.A एलायंस की तीसरी बैठक होने जा रही है। वहीं विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव मुंबई के लिए रवाना हो गए है। लेकिन मुंबई जाने से पहले पटना एयरपोर्ट पर लालू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित कमेंट कर दिया। जिसको लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। दरअसल आरजेडी प्रमुख लालू अपने पुराने अवतर में दिखाई दिए। लेकिन मीडिया से बात करते हुए लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दे डाला।

I.N.D.I.A एलायंस की बैठक में शामिल होने से पहले उन्होंने कहा कि, ”मुंबई में नरेंद्र मोदी के नरेटी (गले) पर चढ़ने जा रहे हैं हम लोग। नरेंद्र मोदी का नरेटी पकड़े हुए हैं हम, हटाना है।” इस दौरान उनके साथ तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर लालू यादव का यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। हालांकि पहली दफा नहीं है जब लालू यादव ने पीएम के खिलाफ जहर उगला हो।

बता दें कि I.N.D.I.A गठंबधन की 31 अगस्त से तीसरी बैठक मुंबई में होने जा रही है। दो दिन तक चलने वाली इस बैठक को लेकर विपक्षी गठबंधन का एजेंडा लगभग साफ हो गया है। मुंबई में होने वाली इस बैठक में I.N.D.I.A एलायंस का झंडा तय हो सकता है। इसके अलावा संजोयक के नाम पर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही साझा रैलियां करने पर भी मंथन हो सकता है। गौरतलब है कि सोमवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने इंडिया अलायंस के संयोजक बनने से इंकार कर दिया था।

इससे पहले विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पर हुई थी। इसके बाद दूसरी बैठक बेंगलुरू में की गई थी।

Exit mobile version