रांची। झारखंड में कांग्रेस के 2 विधायकों के ऊपर आयकर विभाग का डंडा चल गया है। इसके बाद झारखंड में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। जैसे ही कांग्रेस विधायकों के आवास पर आयकर छापेमारी हुई इसपर कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब कांग्रेस के हर एक नेताओं से डर लगता है, इसलिए वह संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस पार्टी के नेताओं की छवि खराब करना चाहते हैं। कितना भी केंद्र सरकार ईडी आईटी का दुरुपयोग कर ले, कांग्रेस का नेता अब डरने वाला नहीं है। जनता के हित की बातों को लेकर वह सड़क पर आंदोलन करता रहेगा, जनता सब देख रही है आने वाले 2024 में केंद्र से भाजपा का सूपड़ा साफ होगा।
जैसे ही झारखंड में कांग्रेस के 2 विधायकों के घर पर छापेमारी की खबर सामने आई तो इस पर फौरन विपक्ष ने भी माहौल बनाना शुरू कर दिया। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि इनकम टैक्स विभाग पूरे सबूत के साथ छापेमारी करती है। इसकी जानकारी उनके विभाग के अधिकारियों को भी नहीं रहती है। अचानक से आकर वह यह कार्रवाई करती है।