News Room Post

Bihar Politics: ‘विदेशों में जैसे लड़कियां…बदलती हैं’, RJD के साथ सरकार बनाने वाले नीतीश कुमार पर कैलाश विजयवर्गीय का तंज, Video में देखिए क्या कहा

नई दिल्ली। बिहार में नई सरकार का गठन हो चुका है। हालांकि मुख्यमंत्री अब भी नीतीश कुमार ही हैं लेकिन उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन छोड़कर महागठबंधन (Mahagathbandhan) के साथ मिलकर सरकार बनाई है। इस नई सरकार में हर बार की तरह सीएम की गद्दी नीतीश कुमार के पास है तो वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) डिप्टी सीएम बने हैं। ऐसा पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार ने भाजपा (BJP) का साथ छोड़कर दूसरे दल के साथ सरकार बनाई हो। इससे पहले भी वो ऐसा कर चुकी है। अब नीतीश कुमार अपने इस दल बदल के खेल को लेकर पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं के निशाने पर बने हुए हैं। इसी क्रम में अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya Video) नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। विजयवर्गीय ने नीतीश कुमार की इस आदत को लड़कियों से जोड़ते हुए बड़ी बात कही है।

एक न्यूज एजेंसी की तरफ से जारी किए गए वीडियो के मुताबिक, कैलाश विजयवर्गीय इंदौर पहुंचे थे जहां उन्होंने कहा बिहार में बनी नई सरकार पर हमला बोला। विजयवर्गीय ने कहा, ‘मैं विदेश में था जिस दिन बिहार की सरकार बदली तो एक ने बोला कि ये तो हमारे यहां होता है लड़कियां बॉयफ्रेंड कभी भी बदल लेती हैं। बिहार के मुख्यमंत्री की भी यही स्थिति है, कब किससे हाथ मिला लें कब किसका हाथ छोड़ दें।’

भाजपा महासचिव यहीं नहीं रूके और आगे अपनी इस बात पर ठहाका लगाते हुए आगे कहा, ‘मुझसे वह विदेशी व्यक्ति बोले कि बिहार के मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) की भी ऐसी ही स्थिति है कि वह कब किससे हाथ मिला लें और कब किसका हाथ छोड़ दें।’

आपको बता दें, बीते कुछ समय पहले ही नीतीश कुमार ने राज्य में भाजपा से नाता तोड़ते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के मुख्यमंत्री के तौर पर इस्तीफा दे दिया था। अपने इस्तीफे के कुछ समय बाद ही उन्होंने सात दलों के महागठबंधन के विधायकों के समर्थन से राज्य में नई सरकार बनाते हुए एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। अब देखना होगा कि भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान पर नीतीश कुमार की तरफ से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Exit mobile version