News Room Post

Republic Day: पहली बार दिखेगी राजपथ पर लद्दाख की झांकी, आयोजन में भी होंगे कई बदलाव

Republic Day

नई दिल्ली। कोरोना संकट से अब देश धीरे-धीरे उबर तो रहा है लेकिन इसका असर अब भी कई जगहों पर देखा जा रहा है। बता दें कि इस बार गणतंत्र दिवस (Republic Day) के मौके पर भी कई बदलाव देखने मिलेंगे। गौरतलब है कि इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के तरीके में कई बदलाव किए गए हैं जिनमें इस बार मोटरसाइकिल स्टंट नहीं दिखाई देंगे। बता दें कि दर्शकों की संख्‍या में भी कमी होगी। इस बार दर्शकों की संख्या लगभग 1.25 लाख से घटाकर 25 हजार तक की गई है। वहीं इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में बहादुरी पुरस्कार पाने वाले बच्चों की परेड भी नहीं होगी। इसके अलावा कोरोना काल में सामाजिक दूरी का खासा ध्यान रखा गया है। ऐसे में परेड में शामिल होने वाले मार्चिंग कंटेस्टेंट्स की संख्‍या कम करके 144 से 96 कर दिया गया है। फिलहाल इस तरह के बदलावों के अलावा इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में कुछ नया भी देखने को मिलेगा।

 

इस बार जो झलक नई होगी, उसमें केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की झांकी नजर आएगी। इसको लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी है कि, इस समारोह में देश के राज्‍यों की अलग-अलग झांकी विवरण के अनुसार दिखेगी। जिसमें लद्दाख की झांकी थिकसे मठ को चित्रित करेगी और इसमें 11 सदस्यीय दल में पांच महिलाएं शामिल होंगी। वहीं लद्दाख की झांकी में भारतीय खगोलीय वेधशाला को भी दर्शाया जाएगा। बता दें कि यह वेधशाला लेह के पास हानले में स्थित है। यह खगोलीय वेधशाला ऑप्टिकल, इंफ्रारेड और गामा-रे दूरबीनों के लिए दुनिया की सबसे ऊंची साइटों में से एक है।

वहीं इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के साथ मंत्रालयों की झांकी भी होगी। जिसमें यूपी की तरफ से अयोध्या की झांकी विशेष होगी। जिसमें राम मंदिर का मॉडल और अयोध्या में हुए दीपोत्सव की झलक होगी। वहीं देवभूमि उत्तराखंड की झांकी में केदारनाथ और राज्य पशु कस्तूरी मृग की झलक होगी।

समारोह में पंजाब की झांकी में रिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर के बलिदान को दिखाया जाएगा। इसके साथ 400वें प्रकाश पर्व को भी दिखाया जाएगा। इसके अलावा नौसेना की झांकी में INS विक्रांत को दिखाया जाएगा और 1971 में पाकिस्तान के साथ हुई लड़ाई में नौसेना के पराक्रम की झलक भी देखने को मिलेगी। कोरोना काल में हो रहे इस समारोह में कोविड वैक्सीन के निर्माण के पूर्व परीक्षण और परीक्षण के बाद के चरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों और सरकारी विभागों की झांकी प्रतियोगिताओं के सभी सदस्यों का कोविड परीक्षण किया जाएगा।

Exit mobile version