News Room Post

‘मिशन अनिवार्य’ के जरिए दिल्ली भाजपा बांटेगी 6 लाख सैनेटरी नैपकिन

नई दिल्ली। लॉकडाउन में लोगों को राशन-पानी मुहैया कराये जाने की खबरें तो आपने पढ़ी ही होंगी लेकिन सोमवार से दिल्ली भाजपा महिलाओं को ‘मिशन अनिवार्य’ के जरिए सैनेटरी नैपकिन बांटने का काम करेगी। इसके तहत भाजपा दिल्ली के झुग्गी-बस्ती में रहने वाली और अन्य जरूरतमंद किशोरी व महिलाओं को 6 लाख सैनेटरी नैपकिन बांटेगी।

आपको बता दें कि इस काम की शुरुआत प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने किया। मिशन अनिवार्य की शुरुआत दिल्ली पुलिस की महिला विंग के साथ मिलकर किया।

दिल्ली बीजेपी के मीडिया रिलेशन हेड नीलकांत बक्शी का कहना है कि कोरोना संकटकाल में जब पूरा देश शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहा है, तब यह जरूरी हो जाता है कि भारत की ज्यादा से ज्यादा किशोरियों व महिलाओं को आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराई जाएं।

इसी के मद्देनजर 6 लाख सैनेटरी नैपकिन बांटने का फैसला भाजपा द्वारा लिया गया है। नीलकांत ने कहा कि हमारी कोशिश है कि जो हमारे पूरे परिवार का ख़्याल रखती हैं, इन मुश्किल दिनों में हम उनका ख़्याल रखें। उन्होंने कहा कि 6 लाख सैनेटरी नैपकिन बांटने के बाद भी इस काम को आगे जारी रखा जाएगा। इस तरह के कार्यक्रम के जरिए जिला और मंडल स्तर पर भी जरूरतमंद महिलाओं को सैनेटरी नैपकिन बांटे जाएंगे।

इस मिशन को लेकर नीलकांत बक्शी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से महिला पुलिस के सहयोग से झुग्गी-झोपड़ी व बस्तियों में रहने वाली महिलाओं के बीच सैनेटरी पैड का वितरण किया जाएगा। ऐसा करने से झुग्गी-झोपड़ी और बस्तियों में रहने वाली गरीब महिलाएं पुलिस से सीधे संवाद कर पाएंगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा, जिससे वह जरूरत पड़ने पर अपने हक के लिए आवाज उठाएंगी और बेहिचक पुलिस की मदद ले सकेंगी।

बता दें कि 25 मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन को एक समय के बाद बढ़ाया गया है जो अब 31 मई तक देशभर में लागू रहेगा। गौरतलब है कि भारत में लॉकडाउन के बावजूद कोरोना के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।

Exit mobile version