News Room Post

Maharashtra cabinet expansion: सरकार बनाने के 40 दिन बाद आज एकनाथ शिंदे करेंगे मंत्रिमंडल विस्तार, जानिए मंत्री बनने की रेस में कौन शामिल

eknath shinde

मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने वाले हैं। सुबह 11 बजे नए मंत्रियों को गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी शपथ दिलाएंगे। शिंदे और बीजेपी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने 30 जून को सीएम और डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। 4 जुलाई को उन्होंने बहुमत साबित किया था। ऐसे में 40 दिन बाद अब सरकार में अन्य मंत्री शामिल किए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आज शिंदे के गुट और बीजेपी से करीब 20 मंत्री बनाए जा सकते हैं। बाद में एक बार फिर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। ऐसे में साफ है कि शिंदे गुट के सभी विधायकों को मंत्रीपद नहीं मिलने जा रहा है।

फिलहाल मंत्री बनाए जाने के लिए शिंदे गुट से उदय सामंत, दादा भुसे, शंभुराजे देसाई, संदीपन भुमरे, राजेंद्र यदरावकर, भरत गोगावले, बच्चु कडू, संजय शिरसाठ, गुलाबराव पाटिल, सदा सरवणकर, तानाजी सावंत, आशीष जैसवाल और प्रकाश अभिटकर का नाम चल रहा है। इनमें से किसे मंत्री बनाया जाता है, ये 11 बजे से कुछ पहले पता चलेगा। इसी तरह बीजेपी से चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, सुभाष देशमुख, सुधीर मुनगंटीवार, राधाकृष्ण विखे पाटिल, मंगल प्रभात लोढ़ा, सुरेश खाडे, विजयकुमार गावित, मंगल प्रभात लोढ़ा, जयकुमार रावल, अतुल सावे, गणेश नाइक, संदीप धुर्वे, राजेंद्र पाटनी, नितेश राणे, समीर कुनावर देवयानी फरांदे और रणधीर सावरकर भी मंत्री बनने की रेस में हैं। इनमें से किसकी लॉटरी लगती है, ये कुछ घंटे बाद ही तय हो जाएगा।

बता दें कि महाराष्ट्र में नई सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार न होने पर विपक्ष लगातार निशाना साध रहा था। विधानसभा में नेता विपक्ष अजित पवार ने कहा था कि शिंदे ने अपना साथ देने वाले सभी विधायकों को मंत्री बनाने का वादा किया है, लेकिन सबको वो पद नहीं दे सकते। इसी वजह से मंथन में जुटे हैं। पवार ने ये मांग भी की थी कि सीएम एकनाथ शिंदे को मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी की वजह भी बतानी चाहिए। सोमवार को अजित ने ये भी कहा कि उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार के कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है। उन्हें अभी तक निमंत्रण पत्र नहीं मिला है।

Exit mobile version