नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का आज 70वां जन्मदिन है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र के निवासियों को तोहफा मिला। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्थित रेलवे स्टेशन (Manduadih Railway Station) का नाम बदला गया है। अब से मंडुआडीह रेलवे स्टेशन अब बनारस के नाम से जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल (Anandiben Patel) ने नए नाम को मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग ने अधिसूचना जारी की है। केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने ट्वीट कर इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अनुमति के बाद मंडुआडीह रेलवे स्टेशन बनारस के नाम से जाना जाएगा।
पीयूष गोयल ने ट्विटर पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मंडुआडीह स्टेशन को अब पूरे देश में लोकप्रिय व प्रसिद्ध नाम बनारस से जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश के महामहिम राज्यपाल द्वारा, केंद्र सरकार के अनापति पत्र के आधार पर इस स्टेशन का नाम परिवर्तित कर बनारस रखने की अनुमति दी गई।’
PM @NarendraModi जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मंडुआडीह स्टेशन को अब पूरे देश में लोकप्रिय, व प्रसिद्ध नाम बनारस से जाना जायेगा।
उत्तर प्रदेश के महामहिम राज्यपाल द्वारा, केंद्र सरकार के अनापत्ति पत्र के आधार पर, इस स्टेशन का नाम परिवर्तित कर बनारस रखने की अनुमति दी गयी। pic.twitter.com/cYfN9up1Fl
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) September 17, 2020
इससे पहले 17 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के लिए मंजूरी दी थी। उत्तर प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यूपी के मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘बनारस’ करने की मंजूरी दी है।