News Room Post

डॉक्टर्स डे 2020 : पीएम मोदी ने डॉक्टरों को कुछ इस तरह से किया सलाम, शेयर किया ये खास वीडियो

नई दिल्ली। देश में हर साल की तरह इस साल भी नेशनल डॉक्टर्स-डे मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई मंत्रियों ने डॉक्टरों को सलाम किया। आपको बता दें कि महान चिकित्सक व स्वतंत्रता सेनानी डॉ.बिधान चंद्र रॉय के सम्मान में भारत नेशनल डॉक्टर्स-डे की शुरुआत 1991 में तत्कालिन सरकार द्वारा की गई थी। तब से हर साल 1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा- ‘भारत हमारे डॉक्टरों को सलाम करता है जो कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे हैं।’

देखिए वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने क्या कहा

इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक मिनट 2 सेकंड का एक वीडियो भी साथ में शेयर किया है। पीएम मोदी ने कहा- ‘मां हमें जन्म देती है तो कई बार डॉक्टर हमें पुनर्जन्म देता है। संकट की इस घड़ी में अस्पतालों में सफेद कपड़ों में दिख रहे डॉक्टर-नर्स, ईश्वर का ही रूप हैं। खुद को खतरे में डालकर ये हमें बचा रहे हैं। इनके साथ बुरा बर्ताव होता दिखे तो आप वहां जाकर लोगों को समझाएं। डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टाफ जिंदगी बचाते हैं और हम उनका ऋण कभी नहीं उतार सकते। ये हम सबका दायित्व है जो देश की सेवा करते हैं, जो देश के लिए खुद को खपाते हैं, उनका सार्वजनिक सम्मान हर पल होते रहना चाहिए।’

गृहमंत्री अमित शाह ने भी डॉक्टर्स डे के मौके पर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘डॉक्टर्स डे पर मैं हमारे बहादुर डॉक्टरों को सलाम करता हूं जो कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्र को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए उनकी पूरी प्रतिबद्धता वास्तव में असाधारण है। राष्ट्र उनकी भक्ति और बलिदान को सलाम करता है।’

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने डॉक्टर्स डे के मौके पर लिखा, ‘राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस पर मैं उन सभी डॉक्टरों के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं जो दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ लोगों की सेवा करते हुए एक असाधारण काम कर रहे हैं। कोविड-19 दिनों के दौरान राष्ट्र उनके साहस और सेवा के लिए सभी डॉक्टरों को सलाम करता है।’

Exit mobile version