News Room Post

Rajya Sabha: अब इस तरह राज्यसभा में ताकतवर हुआ एनडीए, कांग्रेस की हालत देखिए

नई दिल्ली। संसद के निम्न सदन लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा तो पहले से है लेकिन अब उच्च सदन राज्यसभा में भी भारतीय जनता पार्टी सबसे अधिक सीटों वाली पार्टी हो गई है। सोमवार को भाजपा (BJP) द्वारा राज्यसभा (Rajya Sabha) की नौ सीटें जीतने के बाद ही राज्यसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सदस्यों की संख्या 100 के पार चली गई। दूसरी तरफ, लंबे समय तक राज्यसभा में दबदबा रखने वाली कांग्रेस (Congress) को नुकसान उठाना पड़ा है। अब उसके सदस्यों की संख्या घटकर 38 तक पहुंच गई। यह संख्या कांग्रेस के इतिहास में सबसे कम है। दरअसल उत्तर प्रदेश में 10 और उत्तराखंड में एक सीट पर हुए चुनाव हुए थे। जिसमें से भाजपा के खाते में नौ सीटें आई। उत्तर प्रदेश में 8 तो उत्तराखंड से एक सीटें भाजपा की झोली में आईं। बता दें कि केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी समेत उसके नौ उम्मीदवार उत्तर प्रदेश से निर्विरोध चुने गए। इन नौ सीटों के साथ ही ऊपरी सदन में भाजपा की संख्या 92 हो गई। उत्तर प्रदेश में उसे कुल छह सदस्यों का फायदा हुआ है क्योंकि उसके तीन लोग फिर से निर्वाचित हुए हैं।

अगर राज्यसभा में NDA के गणित की बात करें तो बिहार में भाजपा की सहयोगी जद (यू) के राज्यसभा में पांच सदस्य हैं। इसके साथ ही राजग में शामिल आरपीआई-आठवले, असम गण परिषद, मिजो नेशनल फ्रंट, नेशनल पीपुल्स पार्टी, नगा पीपुल्स फ्रंट, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के सदन में एक-एक सदस्य हैं। इस तरह से राज्यसभा में अब राजग के कुल सदस्यों की संख्या 104 हो गई है। वर्तमान समय में सदन में कुल सदस्यों की संख्या 242 है।

जरूरत पड़ने पर भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन राजग अन्नाद्रमुक के नौ, बीजू जनता दल के नौ, तेलंगाना राष्ट्र समिति के सात और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के छह सदस्यों का समर्थन हासिल कर सकता है। ये पार्टियां अतीत में कई मौकों पर राजग के साथ खड़ी नजर आई हैं। राज्यसभा के ताजा चुनाव में कांग्रेस को दो, समाजवादी पार्टी को तीन और बसपा को एक सीट का नुकसान उठाना पड़ा है।

Exit mobile version